1. Hindi News
  2. बिहार
  3. गोपालगंज में शराब तस्करी का अजब-गजब तरीका, स्कॉर्पियो का इंजन, बॉडी और स्टेपनी को बनाया दिया तहखाना, पुलिस भी रह गई हैरान

गोपालगंज में शराब तस्करी का अजब-गजब तरीका, स्कॉर्पियो का इंजन, बॉडी और स्टेपनी को बनाया दिया तहखाना, पुलिस भी रह गई हैरान

 Published : Sep 18, 2026 11:38 am IST,  Updated : Sep 18, 2026 11:38 am IST

गोपालगंज में शराब तस्करी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे देखकर उत्पाद पुलिस भी हैरान रह गई। शराब तस्करों ने स्कॉर्पियो को तहखाना बनाकर इसकी तस्करी शुरू कर दी। चलिए जानते हैं पूरा मामला।

गोपालगंज में शराब तस्करी का अजब-गजब तरीका, स्कॉर्पियो का इंजन, बॉडी और स्टेपनी को बनाया दिया तहखाना- India TV Hindi
गोपालगंज में शराब तस्करी का अजब-गजब तरीका, स्कॉर्पियो का इंजन, बॉडी और स्टेपनी को बनाया दिया तहखाना Image Source : INDIA TV

बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, लेकिन शराब तस्कर आए दिन पुलिस और उत्पाद विभाग की आंखों में धूल झोंकने के लिए नए-नए और हैरान कर देने वाले पैंतरे अपनाते रहते हैं। ताजा मामला बिहार के गोपालगंज जिले का है, जहां तस्करों का शातिराना दिमाग देखकर खुद पुलिस महकमा और उत्पाद विभाग की टीम दंग रह गई।  गोपालगंज में शराब तस्करी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे देखकर उत्पाद पुलिस भी हैरान रह गई। शराब तस्करों ने तस्करी के लिए स्कॉर्पियो को ही तहखाना बना दिया। गाड़ी के इंजन से लेकर बॉडी और स्टेपनी तक में शराब छिपाई गई थी। पुलिस ने जब स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो अंदर छिपी शराब देखकर अधिकारी भी दंग रह गए।

कहां का मामला

मामला गोपालगंज के फुलवरिया थाना क्षेत्र के बथुआ बाजार का है। उत्पाद पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश की तरफ से शराब की एक बड़ी खेप गोपालगंज लाई जा रही है। सूचना के आधार पर उत्पाद पुलिस ने बथुआ बाजार के पास एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर जांच शुरू की। पहली नजर में स्कॉर्पियो बिल्कुल खाली दिखाई दे रही थी। लेकिन पुलिस को मिली गुप्त सूचना पर शक बना रहा। इसके बाद जब गाड़ी की बारीकी से तलाशी ली गई तो शराब तस्करी का पूरा खेल सामने आ गया। तस्करों ने स्कॉर्पियो के इंजन, बॉडी और स्टेपनी तक को शराब छिपाने का ठिकाना बना रखा था।

पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार
तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से करीब 120 लीटर शराब बरामद की गई। बरामद शराब की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। मामले में उत्पाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वैशाली जिले के नया गांव निवासी मिथलेश कुमार और समस्तीपुर जिले के पावन कुमार के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो को भी उत्पाद पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक ने क्या कहा
उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार ने बताया कि शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। शराब तस्कर पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं, लेकिन उत्पाद पुलिस स्कैनर और अन्य माध्यमों की मदद से ऐसे तस्करों को पकड़ रही है। गोपालगंज में शराब तस्करी रोकने के लिए उत्पाद विभाग लगातार अभियान चला रहा है। लेकिन इस मामले में तस्करों ने जिस तरह स्कॉर्पियो के अलग-अलग हिस्सों को ही तहखाना बना दिया, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। यानी गाड़ी बाहर से खाली लेकिन अंदर शराब का पूरा खजाना छिपा था।

(रिपोर्ट - Ayaz Ahmad)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।