A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. समस्तीपुर में पैसों के लेनदेन को लेकर भिड़े दो दोस्त, बाग में मारपीट और फायरिंग; कार को किया आग के हवाले

समस्तीपुर में पैसों के लेनदेन को लेकर भिड़े दो दोस्त, बाग में मारपीट और फायरिंग; कार को किया आग के हवाले

समस्तीपुर के सरायरंजन में पैसों के विवाद में दो दोस्तों के बीच जमकर मारपीट हुई। आरोप है बगीचे में लेकर मारपीट की गई और फायरिंग भी हुई। इसके अलावा एक कार में आग भी लगा दी। दोनों दोस्तों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

कार में लगाई आग- India TV Hindi
Image Source : REPORTER कार में लगाई आग

बिहार के समस्तीपुर के सरायरंजन में पैसों के लेनदेन का विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। दो दोस्तों के बीच शुरू हुआ झगड़ा लीची बगान तक पहुंच गया, जहां मारपीट, हथियार से धमकी और एक चारपहिया वाहन में आग लगाने की घटना सामने आई है। मौके से एक खोखा भी बरामद हुआ है। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामला सरायरंजन थाना क्षेत्र के जितवारपुर कुम्हिरा पंचायत का है।

बताया जा रहा है कि मुक्तापुर निवासी कुंदन कुमार और जितवारपुर कुम्हिरा निवासी संदीप कुमार चौधरी के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि बातचीत के बहाने कुंदन को घर से बुलाकर लीची बगान ले जाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई और पिस्तौल दिखाकर धमकाया गया।

कार में बंद करके जाने लेने की कोशिश

कुंदन कुमार का आरोप है कि उसे एक चारपहिया वाहन के अंदर बंद कर दिया गया और उसकी जान लेने की कोशिश की गई। हालांकि उसने किसी तरह वाहन का शीशा तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसी दौरान वाहन में आग लग गई और कुछ ही देर में पूरी गाड़ी जलकर राख हो गई। फिलहाल वाहन में आग कैसे लगी और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है, इसका पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है।

हिरासत में लिए गए दोनों

घटना की सूचना मिलते ही सरायरंजन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया। बताया जा रहा है कि घटनास्थल से भाग रहे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद हुआ है, जिसे कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में मामला पैसों के लेनदेन को लेकर दो दोस्तों के बीच हुए विवाद का बताया जा रहा है। वहीं वाहन में आग लगने और हथियार के इस्तेमाल के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- सुनील कुमार, समस्तीपुर

ये भी पढ़ेंः विदेशी शराब की खेप के साथ पकड़ी गई 'लेडी तस्कर', उत्पाद टीम से सरेआम हाथापाई, वीडियो वायरल!

कटिहार में कोल्ड ड्रिंक के कैरेट से निकले 5 देसी बम, मोहर्रम से पहले हड़कंप