बिहार के कटिहार जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और डराने वाली खबर सामने आई है। मोहर्रम के त्योहार से ठीक पहले असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। जिले के कोलासी पुलिस शिविर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मधुरा गांव में पुलिस ने देसी बम बरामद किए हैं। ये बम एक कोल्ड ड्रिंक की प्लास्टिक कैरेट में छिपाकर रखे गए थे। इस बरामदगी के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय ग्रामीण गहरे खौफ में हैं। कटिहार के कोढ़ा थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक किराना दुकान में रखे कोल्ड ड्रिंक के कैरेट से पांच लो-इंटेंसिटी देसी बम बरामद हुए। मामला कोलासी पुलिस शिविर क्षेत्र के मधुरा गांव का है जहां दुकान में काले रंग की पॉलिथीन के ऊपर संदिग्ध वस्तुएं रखी होने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की नजर जब इन वस्तुओं पर पड़ी तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि बरामद सामग्री लो-इंटेंसिटी देसी बम है। एक साथ पांच बम मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर किराना दुकान तक ये बम पहुंचे कैसे और मोहर्रम से ठीक पहले इन्हें वहां रखने के पीछे क्या मंशा थी। इसे लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोग इसे अराजक तत्वों की साजिश मान रहे हैं तो कुछ लोग किसी बड़ी वारदात की आशंका भी जता रहे हैं। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।
पुलिस ने जब्त किया बम
प्रशासन ने बमों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि बम वहां किसने और कब रखे। फिलहाल मधुरा गांव में पुलिस की गतिविधियां तेज हो गई हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मोहर्रम से पहले हुई इस बरामदगी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
(रिपोर्ट - करन कुमार)