बिहार के मोतिहारी से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक तेज रफ्तार पिकअप और सवारी से भरे टेंपो के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए। मामला पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाना क्षेत्र में मोतिहारी-बेतिया एनएच-28बी का है जहां एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना फुलवरिया पंचायत के नवका टोला गांव के समीप पिकअप और टेंपो की आमने-सामने की टक्कर में हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई वारदात की कहानी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टेंपो मोतिहारी से बेतिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान बेतिया की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में करीब 10 वर्षीय एक बालक भी शामिल है। घटना की सूचना मिलते ही सुगौली थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। सरकारी अस्पताल में डॉ. रिजवी द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी रेफर कर दिया गया।
अब तक नहीं हो सकी मृतकों की पहचान
घायलों में बेतिया के तीनलालटेन चौक निवासी शंकर कुमार शर्मा, नया टोला निवासी मनत परवीन, रेफर परवीन तथा केसरिया निवासी चांद खान शामिल हैं। पुलिस ने जेसीबी की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
(रिपोर्ट - अरविन्द कुमार)