बिहार के सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। शादी के महज 14 दिन बाद ही एक नवविवाहिता की फांसी लगाने से मौत हो गई। जिस घर में दो सप्ताह पहले शादी की खुशियां गूंजी थीं, वहां मंगलवार को मातम पसर गया। मामला थाना क्षेत्र के गजहर वार्ड-3 का है, जहां 20 वर्षीय नवविवाहिता नेहा कुमारी की फंदे से लटकती लाश मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
14 दिन पहले हुई थी शादी
घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। मृतका की पहचान गजहर वार्ड-3 निवासी बिट्टू सरदार की पत्नी नेहा कुमारी के रूप में हुई है। शादी के महज 14 दिन बाद हुई इस घटना से परिवार और आसपास के लोग स्तब्ध हैं। हालांकि, नवविवाहिता ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
दीदी के देवर संग किया था प्रेम विवाह
जानकारी के अनुसार, नेहा कुमारी का करीब 14 दिन पहले 16 सितंबर 2026 को अपनी बड़ी बहन अमृता देवी के देवर बिट्टू सरदार के साथ प्रेम विवाह हुआ था। शादी के बाद वह अपने पति के साथ गजहर स्थित ससुराल में रह रही थी। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ समय पहले नेहा अपने मायके जाने की बात कह रही थी। इसके बाद पति-पत्नी ने साथ में खाना खाया और आराम करने चले गए।
फंदे से लकटकी मिली लाश
बताया गया कि कुछ देर बाद बिट्टू सरदार किसी काम से घर के दरवाजे की तरफ बाहर निकला। जब वह वापस घर के अंदर पहुंचा तो उसकी नजर नेहा पर पड़ी। नेहा घर के अंदर दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी हुई थी। यह दृश्य देखकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही आस-पास के लोग मौके पर जुट गए। इसके बाद मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेजा।
पुलिस घटना की जांच में जुटी
बताया जा रहा है कि नेहा मूल रूप से मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र के बरेरवा गांव की रहने वाली थी। उसके पिता का नाम संजय सरदार बताया गया है। वह तीन बहनों में दूसरे नंबर पर थी। करीब दो सप्ताह पहले ही अपनी बड़ी बहन के देवर से प्रेम विवाह के बाद वह अपने पति के घर गजहर आई थी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
ससुराल वालों पर हत्या का आरोप
मृतका की बड़ी बहन अमृता कुमारी ने बताया कि मेरी सास सविता देवी और देवर बिट्टू सरदार ने मेरी छोटी बहन को फांसी लगाकर उसकी हत्या कर दी है। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर मृतका की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। बड़ी बहन अमृता ने बताया कि वह ससुराल में नहीं रहती है। पहले ससुराल में रहती थी, लेकिन ससुराल वालों द्वारा उसके साथ बार-बार मारपीट किए जाने के कारण वह अपने मायके चली गई और वहीं रहती है।
पति ने मौत की वजह को बताया आत्महत्या
मृतका के पति बिट्टू सरदार ने बताया कि हम काम की तलाश में घर से बाहर गए थे और जब वापस लौटे तो देखे कि घर का दरवाजा अंदर से बंद है। काफी खटखटाने के बाद जब गेट नहीं खोली तो घर का ईंट हटाकर कर कमरे के अंदर गए तो देखे कि वह दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी थी, जिसके बाद उसे उतार कर राघोपुर रेफरल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
राघोपुर रेफरल अस्पताल के डॉ. संजीव कुमार द्विवेदी ने बताया कि नेहा को उनके परिजनों द्वारा यहां लाया गया था। जांच में ब्रॉड डेड मिलने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। प्रथम दृष्टया यह सुसाइड का मामला लगता है। वहीं मामले को लेकर थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना का प्रकार देखने से सुसाइड प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। (इनपुट- संत सरोज)
डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।
या
TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)
(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)
यह भी पढ़ें-
सौरभ भारद्वाज-जरनैल सिंह समेत AAP कार्यकर्ताओं पर FIR, हेड कांस्टेबल से मारपीट का आरोप