बिहार के सुपौल जिले में दिनदहाड़े हुए एक अपहरण का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामला भीमपुर थाना क्षेत्र के बेलागंज वार्ड -15 के SH-91 के पास का है। जहां सोमवार को एक युवक का अपहरण किया गया। पुलिस ने अपहृत जीशान खान को अररिया जिले के फुलकाहा थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया है। वहीं, घटना में शामिल एक आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल की जाने वाली कार भी बरामद कर ली है।
दिनदड़ाहे किडनैपिंग का मामला
कल रात सुपौल के एसपी शरथ आर. एस. ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। एसपी ने बताया कि छातापुर थाना क्षेत्र के महदीपुर निवासी खुर्शीद खान के बेटे जीशान खान का चारपहिया वाहन सवार अपराधियों ने बेलागंज वार्ड-15 के पास से अपहरण कर लिया था। घटना के दौरान दहशत फैलाने के मकसद से किडनेपर्स ने फायरिंग भी की गई थी। घटना की सूचना मिलते ही भीमपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू की।
पुलिस ने सकुशल अपहृत जीशान खान को छुड़ाया
मामले की गंभीरता को देखते हुए त्रिवेणीगंज एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। SIT को तीन से चार अलग-अलग छापामारी दलों में बांटकर संदिग्ध अपराधियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी के निर्देश दिए गए। पुलिस घटनास्थल पर मिले सबूत के आधार पर अपराधियों की पहचान की और बाद में अररिया पुलिस और STF की टीम के सहयोग से जीशान खान को सकुशल रिहा करा लिया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चारपहिया वाहन को जब्त करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
अवैध कारोबार में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि जीशान खान और आरोपियों के बीच कथित तौर पर अवैध कारोबार में रुपये-पैसे के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के चक्कर में अपहरण की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान भी कर ली है जल्द उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
फिल्मी स्टाइल में किया अपहरण
किडनैपिंग का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक चारपहिया वाहन सवार बदमाश बाइक से जा रहे युवक को टक्कर मारते हैं। युवक के सड़क पर गिरते ही उसे जबरन कार में बैठाकर वहां से फरार हो जाते हैं। वीडियो को आरजेडी ने अपने फेसबुक पर शेयर भी किया था, जिसके बाद बिहार की राजनीति गलियारे में भी इस घटना की चर्चा हो रही है। बता दें कि घटना के दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बदमाशों को रोकने और खदेड़ने की कोशिश की। इसी दौरान बदमाशों ने फायरिंग कर दी। वायरल वीडियो में भीड़ और अफरातफरी के बीच गोली चलने जैसी आवाज सुनाई देती है। इनपुट: संत सरोज, सुपौल