A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. क्या बिहार में खेला हो गया? तेजस्वी के कमरे में पहुंचीं मांझी की पार्टी की दो विधायक; क्रॉस वोटिंग की चर्चा

क्या बिहार में खेला हो गया? तेजस्वी के कमरे में पहुंचीं मांझी की पार्टी की दो विधायक; क्रॉस वोटिंग की चर्चा

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा की दो विधायक आज राज्यसभा चुनाव की वोटिंग के बीच तेजस्वी यादव के कमरे में पहुंच गईं। इसके बाद विधानसभा में क्रॉस वोटिंग की चर्चाएं भी होने लगीं। हालांकि जब दोनों को अपनी गलती का एहसास हुआ तो वह बाहर निकल गईं।

तेजस्वी के कमरे से बाहर निकलतीं 'हम' की दोनों विधायक।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT तेजस्वी के कमरे से बाहर निकलतीं 'हम' की दोनों विधायक।

पटना: राज्यसभा की 11 सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है। इनमें से पांच सीटें बिहार की भी रिक्त हैं, जिसके लिए बिहार विधानसभा चुनाव में वोटिंग चल रही है। मतदान करने के लिए बिहार विधानसभा के सभी सदस्य विधानसभा पहुंच रहे हैं। हालांकि इस बीच एक ऐसा मामला भी सामने आया, जिसे देखने के बाद एनडीए में सेंध की अटकलें लगने लगीं। यहां जीतन राम मांझी की पार्टी की दो विधायक अचानक से राजद नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के कमरे में चली गईं, जिसका वीडियो भी सामने आया है। हालांकि दोनों ही विधायक थोड़ी देर बाद बाहर भी निकल गईं।

तेजस्वी के कमरे में गईं मांझी की विधायक

जानकारी के मुताबिक राज्यसभा चुनाव के दौरान विधानसभा में वोटिंग के बीच बिहार विधानसभा में यह दिलचस्प वाकया हुआ देखने को मिला। यहां गलती से हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा पार्टी की दो विधायक ज्योति मांझी और दीपा मांझी, तेजस्वी यादव के कमरे में चली गईं। इसके बाद विधानसभा में चर्चा होने लगी कि ये दोनों विधायक तेजस्वी यादव के संपर्क में हैं और चुनाव में क्रॉस वोटिंग भी हो सकती है। हालांकि बाद में पता चला कि ये अपने आगे-आगे आगे चल रहे महागठबंधन के विधायकों के साथ गलती से तेजस्वी के कमरे में चली गई थीं। जैसे ही उन्हें गलती का एहसास हुआ दोनों वापस लौट गईं।

वीडियो हो रहा वायरल

जीतन राम मांझी की पार्टी की दोनों विधायकों का तेजस्वी यादव के कमरे से बाहर निकलने का वीडियो भी सामने आया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। इस दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने कहा कि ये तो क्रॉस वोटिंग हो गई मैडम। हालांकि दोनों विधायक वहां से हसते हुए आगे बढ़ गईं। बता दें कि बिहार की पांच राज्यसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है। एनडीए के पांच और राजद का एक उम्मीदवार चुनावी मैदान में है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इस चुनाव में उम्मीदवार हैं। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी एनडीए के उम्मीदवारों में से एक हैं। वहीं राम नाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार भी एनडीए की तरफ से उम्मीदवार हैं।

यह भी पढ़ें-

राज्यसभा में कैसे चुना जाता है उम्मीदवार, एक सीट के लिए कितने वोट की होती है जरूरत? समझें पूरा गणित