1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बक्सर में छात्राओं से दुर्व्यवहार के मामले में दो शिक्षक बर्खास्त, शिक्षा विभाग ने सेवा से किया बाहर

बक्सर में छात्राओं से दुर्व्यवहार के मामले में दो शिक्षक बर्खास्त, शिक्षा विभाग ने सेवा से किया बाहर

बक्सर के डुमरांव में छात्राओं से दुर्व्यवहार के मामले में विभागीय जांच के बाद दो शिक्षकों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। दोनों के खिलाफ लगाए गए आरोप जांच में सही पाए गए थे।

बक्सर शिक्षक बर्खास्त मामला- India TV Hindi
Image Source : PTI बक्सर शिक्षक बर्खास्त मामला

बिहार के बक्सर जिले के डुमरांव में छात्राओं से दुर्व्यवहार के मामले में शिक्षा विभाग ने दो शिक्षकों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। छात्राओं से छेड़खानी, आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने और ऑडियो के जरिए धमकी देने के आरोप विभागीय जांच में सही पाए गए, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। बर्खास्त किए गए शिक्षकों में डुमरांव प्रखंड के नथुनी अहिर के डेरा स्थित मध्य विद्यालय के सहायक शिक्षक विरेन्द्र प्रसाद और विद्यालय अध्यापक अरविन्द कुमार शामिल हैं।

2 सितंबर को किया गया निलंबित

घटना के बाद शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बक्सर के डीएम और एसपी को दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करने, गिरफ्तारी और फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए मामले की सुनवाई के निर्देश दिए थे। डुमरांव के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर दोनों शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई थी। 2 सितंबर को दोनों को निलंबित किया गया और 3 सितंबर को आरोप पत्र गठित कर विभागीय जांच शुरू की गई। जांच में दोनों के खिलाफ लगाए गए आरोप सही पाए गए।

शिक्षा मंत्री ने कहा - छात्रों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं

जांच रिपोर्ट के आधार पर अनुशासनिक प्राधिकार ने मामले की समीक्षा की। इसके बाद बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के नियम 14 (XI) के तहत दोनों शिक्षकों को सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्कूलों में अनुशासन, विद्यार्थियों की सुरक्षा और शिक्षक-छात्र मर्यादा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और छात्र-छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा।

ऐसे लोगों के साथ भविष्य में भी कोई नरमी नहीं बरती जाएगी

शिक्षा मंत्री ने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि विद्यालयों में अनुशासन, विद्यार्थियों की सुरक्षा और शिक्षक-छात्र मर्यादा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाले शिक्षक कहलाने के योग्य नहीं हैं। ऐसे लोगों के प्रति भविष्य में भी कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बच्चों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। छात्र-छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

ये भी पढ़ें:

बिहार में आर्केस्ट्रा देखने गए शख्स का सड़क पर मिला शव, शौक पड़ गया जान पर भारी, पुलिस जांच में जुटी