1. Hindi News
  2. बिहार
  3. भागलपुर में वायरल हुआ युवक-युवतियों को घेरने का वीडियो, SSP ने दी मामले की पूरी जानकारी

भागलपुर में वायरल हुआ युवक-युवतियों को घेरने का वीडियो, SSP ने दी मामले की पूरी जानकारी

बिहार के भागलपुर में युवक-युवतियों को ग्रामीणों द्वारा घेरकर पूछताछ करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में छेड़छाड़ की पुष्टि नहीं हुई है।

भागलपुर वायरल वीडियो- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV भागलपुर वायरल वीडियो

बिहार के भागलपुर के अमडंडा थाना क्षेत्र के बथानी पुल के पास से दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। वायरल हुए दो वीडियो में कुछ युवक-युवतियों को ग्रामीणों की भीड़ ने घेर रखा है। इस दौरान ग्रामीण उनसे पूछताछ की करते नज़र आ रहे हैं। वीडियो में कुछ लोग युवतियों को घेरकर उन्हें दोबारा इलाके में नहीं आने की बात कहते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं होने लगीं।

छेड़छाड़ का नहीं है मामला

इसी बीच भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने पूरे मामले को लेकर पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने रखा है। एसएसपी के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह मामला छेड़छाड़ का नहीं है। पुलिस के अनुसार, कुछ युवक-युवतियां शाहकुंड से सनहौला होते हुए एक बंद मंदिर में पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे वहां चुपचाप शादी करने की नीयत से पहुंचे थे। इसी दौरान गाँव के लोगों ने उन्हें पकड़ लिया।

पूछताछ ले दौरान कुछ लोगों ने की धक्का-मुक्की

पुलिस के मुताबिक, युवक-युवतियों को संदिग्ध परिस्थितियों में देखकर ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद उनसे पूछताछ की गई और उनके परिजनों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की गई। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों द्वारा धक्का-मुक्की किए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस ने प्राथमिकी की दर्ज

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने इस मामले में एक बालिग व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वहीं, वायरल वीडियो में मौजूद अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी को लेकर कार्रवाई जारी है।

पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और सामने आए तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस की शुरुआती जांच में छेड़छाड़ की पुष्टि नहीं हुई है और मामला युवक-युवतियों को ग्रामीणों द्वारा रोककर पूछताछ किए जाने तथा इसी दौरान हुई धक्का-मुक्की से जुड़ा बताया जा रहा है।

भागलपुर से अंजनी कुमार कश्यप की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

पाकिस्तान के शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़ा युवक मोतिहारी से गिरफ्तार, मोबाइल में आतंकी हमले के वीडियो-फोटो मिले