मोतिहारी: पाकिस्तान के शहजाद शेख भट्टी नेटवर्क से जुड़े गुर्गे मोतिहारी में पकड़ा गया। गिरफ्तार युवक के मोबाइल से आतंकी हमले से जुड़े वीडियो, फोटो के साथ देश विरोधी रील्स भी मिले हैं। अब पुलिस इस बात की जांच में जुटी है कि गिरफ्तार युवक के साथ अन्य कौन-कौन लोग पाकिस्तानी नेटवर्क से जुड़े हैं। जांच के बाद इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। गिरफ्तार युवक की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के ढाका थाना क्षेत्र बिसरहिया गांव निवासी समसुल हक के पुत्र मोहम्मद सेयाज आलम के रूप में की गई है।
वाहन चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश की
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्वी चंपारण जिले के ढाका थाना के द्वारा बिसरहिया गांव के करीब वाहन चेकिंग की जा रही थी। तभी पुलिस की गश्ती देखकर एक युवक ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने युवक की संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए पीछा किया और उसे पकड़ लिया। पूछताछ के साथ ही उसका मोबाइल फोन बरामद किया गया। इस मोबाइल में आतंकी हमले से जुड़े वीडियो, फोटो और देश विरोधी रील्स प्राप्त मिला। इसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ शुरू की। फिर उसने जो बताया वह पुलिस के लिए भी हैरान करनेवाला था। युवक ने बताया कि वह पाकिस्तान के शहजाद शेख भट्टी नेटवर्क से जुड़े अली गुज्जर के साथ सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में हैं। वहीं मोतीहारी पुलिस जप्त मोबाइल से मिले डिजिटल पेज और सोशल मीडिया संपर्कों की जांच में जुटी है।
मोबाइल से मिले कई सबूत
मोतीहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया है गिरफ्तार युवक से पूछताछ जारी है। गिरफ्तार युवक का संपर्क पाकिस्तानी नेटवर्क से होने की बात सामने आई है। गिरफ्तार युवक के मोबाइल से कई साक्ष्य मिले हैं। मोतीहारी पुलिस गिरफ्तार युवक का नेटवर्क पाकिस्तान एवं भारतीय क्षेत्र में किन-किन लोगों से है, इसका विस्तार से जांच कर रही है। गिरफ्तार युवक के बरामद मोबाइल से मिले साक्ष्य के आधार पर विस्तृत जांच की जा रही है। मोतीहारी पुलिस के द्वारा कई सुरक्षा एजेंसियों को जानकारी दे दी गई है।
कौन है शहजाद भट्टी?
भारतीय जांच एजेंसियों के मुताबिक शहजाद भट्टी पाकिस्तान का गैंगस्टर है, जिसके खिलाफ भारत में कई मामले दर्ज हैं। शहजाद भट्टी गैंग पाकिस्तान से संचालित बताया जाने वाला एक आपराधिक-आतंकी नेटवर्क है, जिसका काम भारत में हथियारों, विस्फोटकों और ड्रग्स की तस्करी तथा युवाओं को आतंकी गतिविधियों के लिए जोड़ने के आरोपों में सामने आया है। भारत के गृह मंत्रालय ने शहजाद भट्टी नेटवर्क को UAPA के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किया है। गृह मंत्रालय के मुताबिक, नेटवर्क सीमा पार से हथियार, विस्फोटक और मादक पदार्थों की तस्करी के साथ युवाओं और छोटे अपराधियों को आतंकवाद की ओर उकसाने में शामिल है।
NIA ने अप्रैल 2026 में जालंधर में YouTuber रोजर संधू के घर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में उसे आरोपी बनाया और फरार घोषित किया। भट्टी से जुड़े नेटवर्क के जरिए पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते दिल्ली-NCR तक अवैध हथियार, गोला-बारूद और नशीले पदार्थ पहुंचाने का आरोप है।
रिपोर्ट-अरविंद कुमार, मोतिहारी
ये भी पढ़ें: