1. Hindi News
  2. बिहार
  3. VIDEO: पटना में बैंक मैनेजर का कत्ल या हादसा, कुएं में कैसे गिरे, पत्नी से कहा, 'मैं मर रहा हूं मुझे बचा लो'

VIDEO: पटना में बैंक मैनेजर का कत्ल या हादसा, कुएं में कैसे गिरे, पत्नी से कहा, 'मैं मर रहा हूं मुझे बचा लो'

पटना में आईसीआईसीआई लोम्बार्ड के बैंक मैनेजर का शव कुएं से बरामद हुआ है। पुलिस का कहना है कि ये एक हादसा है, लेकिन परिवार का कहना है कि ये हत्या है। बैंक मैनेजर का अपनी पत्नी से बातचीत का आखिरी ऑडियो सामने आया है, जिसमें वे कह रहे हैं-मुझे बचा लो, मैं मर रहा हूं। सुनें ऑडियो...

पटना में बैंक मैनेजर का शव कुएं से बरामद- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO पटना में बैंक मैनेजर का शव कुएं से बरामद

पटना में आईसीआईसीआई लोम्बार्ड में बैंक मैनेजर रहे अभिषेक वरुण का शव पटना से दूर एक सूखे कुएं से बरामद हुआ है। इसे जहां परिजन हत्या बता रहे हैं तो वहीं पटना पुलिस ने इसे एक्सीडेंट बताया है। बैंक मैनेजर अभिषेक वरुण ने आखिरी बार अपनी पत्नी को कॉल किया था जिसमें वे बार बार कह रहे थे कि, घर का दरवाजा खोलो मेरे ऊपर गाड़ी गिर गई है। मैं मर रहा हूं, मुझे बचा लो, मुझे बचा लो। कॉल पर बार बार पत्नी पूछ रही है कि आप कहां हो, कहां गिर गए हो। वे पत्नी को लोकेशन भेजने की भी बात कह रहे हैं। लेकिन जब ढूंढा गया तो कुएं से उनका शव उनकी स्कूटी बरामद हुई। दोनों के बीच आखिरी फ़ोन कॉल की बातचीत का ऑडियो सामने आया है।

सुनें ऑडियो

इस कॉल से पता चला कि अभिषेक कहीं फंसे हुए थे और उन्हें अपनी मौत का डर सता रहा था। इस मामले में अब सवाल उठ रहा है कि क्या यह एक दुर्घटना थी या सुनियोजित हत्या? अभिषेक की जब अपनी पत्नी से बातचीत हो रही थी उस वक्त रात के तीन बजे थे और फोन पर एक तरफ अभिषेक वरुण थे, उनकी आवाज लड़खड़ा रही थी तो दूसरी तरफ थीं उनकी पत्नी, जो बार बार पूछ रही थीं कि कहां हो। फोन पर अभिषेक पत्नी को ये नहीं बता पा रहे थे कि उस वक्त असल में वो है कहां? पत्नी के बार बार पूछने पर उन्होंने सिर्फ इतना बताया कि उनके चारों तरफ दीवार है और वो मरने वाले हैं। 

Image Source : file photoपटना में बैंक मैनेजर का शव कुएं से बरामद

पत्नी से इतनी बात करने के बाद अभिषेक का फोन कट जाता है। पति से ऐसी बातचीत के बाद घबराई पत्नी ने पटना पुलिस को फोन किया और फिर अपने बहनोई के साथ रात के अंधेरे में अपने पति को ढूंढने निकल पड़ी। लेकिन अभिषेक का कहीं कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई तब पुलिस ने अभिषेक के मोबाइल की लास्ट लोकेशन से ये पता लगाया कि वो पटना शहर से दूर बेउर के एक सुनसान इलाके के एक घर का था।

रविवार से लापता अभिषेक वरुण का शव मंगलवार को एक कुएं से बरामद हुआ था। वो कुआं  करीब 30 फीट गहरा था और बिल्कुल सूखा था। कुएं के अंदर पहले स्कूटी दिख रही थी और उसके नीचे अभिषेक की लाश पड़ी थी। सबसे बड़ी बात ये है कि अभिषेक स्कूटी से उस कुएं तक पहुंचे कैसे? इस सवाल से बार बार ये शंका हो रही है कि क्या ये एक हादसा था या फिर पूरी साजिश के साथ की गई एक हत्या थी। परिजनों ने इन सारे सवालों के जवाब को जोड़ते हुए अभिषेक की हत्या की बात कही है। 

Image Source : file photoपटना में बैंक मैनेजर का शव कुएं से बरामद

जानकारी के मुताबिक रविवार को अभिषेक के दोस्तों ने एक पार्टी रखी थी और इस पार्टी में अभिषेक अपनी पत्नी और बेटी के साथ गए थे। पार्टी में अभिषेक ने शायद ज्यादा शराब पी ली थी क्योंकि बरामद सीसीटीवी में पार्टी खत्म होने के बाद अभिषेक, उसकी पत्नी और बेटी के साथ बाहर निकलते दिखे थे, लेकिन वो इस हालत में नहीं थे कि पत्नी और बेटी को घर पहुंचा सकें। इसीलिए उनके एक दोस्त ने अभिषेक की पत्नी और बेटी को अपनी स्कूटी से घर छोड़ा। इसके बाद अभिषेक अपनी स्कूटी से घर के लिए निकले थे लेकिन स्कूटी समेत उस कुएं में पहुंच गए जहां से उनका शव बरामद हुआ। 

Image Source : file photoपटना में बैंक मैनेजर का शव कुएं से बरामद

जिस कुएं से उनका शव बरामद हुआ है, उसके दोनों तरफ खेत हैं और बीच में एक पतली सी पगडंडी है, जिससे पैदल जाना भी ठीक से संभव नहीं है तो यहां ये सवाल उठका दै कि अभिषेक रात के अंधेरे में मेन रोड से उतरकर इस टेढ़ी मेढ़ी पगडंडी पर बिना गिरे स्कूटी से उस कुएं में जाकर कैसे गिर गए। ऐसे में अभिषेक के घरवालों का इल्जाम है कि उनकी हत्या की गई है और फिर शव को सूखे कुएं में फेंक दिया गया है। लेकिन पुलिस का कहना है कि वह शराब के नशे में थे और लगता है कि ये एक हादसा है।