A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. असदुद्दीन ओवैसी का बिहार विधानसभा चुनाव में क्या रोल रहेगा? जानिए क्या बोले प्रशांत किशोर

असदुद्दीन ओवैसी का बिहार विधानसभा चुनाव में क्या रोल रहेगा? जानिए क्या बोले प्रशांत किशोर

प्रशांत किशोर ने कहा वे हैदराबाद की राजनीति करते हैं। बिहार के बारे में सोचने के लिए यहां बहुत लोग हैं। हैदराबाद से नेता इंपोर्ट करने की जरूरत नहीं है।

Prashant Kishor- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV प्रशांत किशोर

पूर्णिया:  प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी पूरे दमखम से बिहार में अपना जमीनी आधार बनाने में जुटी है। पार्टी संस्थापक प्रशांत किशोर खुद जनता से संवाद करने में जुटे हैं। इसी क्रम में वे पूर्णिया के दमदाहा पहुंचे थे। यहां पर उनसे पत्रकारों ने एआईएमआईएम के सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी को लेकर सवाल किया तो प्रशांत किशोर ने स्पष्ट तौर पर कहा कि ओवैसी का बिहार चुनाव में कोई रोल नहीं है। वे हैदराबाद की राजनीति करते हैं। बिहार के बारे में सोचने के लिए यहां बहुत लोग हैं। हैदराबाद से नेता इंपोर्ट करने की जरूरत नहीं है।

ओवैसी का बहुत बड़ा रोल नहीं

प्रशांत किशोर ने कहा- "ओवैसी अपने तरह की राजनीति करते हैं। जहां चुनाव होता है वहां जाते हैं अपना टेंट-तंबू लगाते हैं। चुनाव लड़ते हैं बिहार के नजरिए से ओवैसी साहब का कोई बहुत बड़ा रोल नहीं है। वो हैदराबाद की राजनीति करते हैं। बिहार में बहुत काबिल लोग हैं जो यहां के लोगों की राजनीति कर सकते हैं। हमलोगों को हैदराबाद से नेता को इंपोर्ट करने की जरूरत नहीं है।"

बिहार में अफसरशाही कब खत्म होगी?

प्रशांत किशोर ने एक सवाल के जवाब में कहा कि जिस नीतीश कुमार को हटा दीजिएगा उस दिन अफसरशाही खत्म हो जाएगी। वहीं जब प्रशांत किशोर से यह पूछा गया कि धमदाहा में क्या होगा? तो उन्होंने कहा- अभी आपने देखा कि जब मैंने सभा में लोगों से पूछा कि क्या होगा तो लोगों ने कहा-नीतीश कुमार को हटाया जाएगा। हमने पूछा कि मोदी को वोट दोगो तो लोगों ने कहा कि बिल्कुल नहीं देंगे। जब हमने पूछा कि लालटेन को दोगे तो लोगों ने कहा कि ना.. ना.. भईया.. हमको लालू का लालटेन राज नहीं चाहिए। 

जनता जिसको चाहेगी वो मालिक बनेगा

प्रशांत किशोर ने नीतीश सरकार की मंत्री लेसी सिंह पर कहा- यहां राजतंत्र नहीं जो धमदाहा में किसी का गढ़ हो, जनता जिसको चाहेगी वो मालिक बनेगा। इससे पहले सुपौल में प्रशांत किशोर ने तेजस्वी के "सूत्र" वाले बयान पर किया बड़ा हमला बोला था। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव द्वारा प्रयोग की गई भाषा से उनका संस्कार दिखता है, ये लोग कलम वाले नहीं कट्टा वाले हैं। प्रशांत किशोर ने बिहार में बिगड़ते कानून व्यवस्था को लेकर कहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचेत अवस्था में हैं और उनके करीबी नेता और अफसर लूटने में लगे हुए हैं।

बता दें कि तेजस्वी ने ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक सवाल के जवाब में कहा था कि सूत्र नहीं वह मू#@ है। तेजस्वी यादव ने साथ-साथ कह दिया कि जो खबर अफवाह पर चलाई जाती है वह वेस्टेज खबर है.। दरअसल निर्वाचन आयोग के सूत्रों के तरफ से यह कहा जा रहा है कि नेपाल, बांग्लादेश और म्यांमार के लोग भी बिहार में मतदाता बन गए हैं। इसपर तेजस्वी ने तल्ख टिप्पणी की थी।