1. Hindi News
  2. बिहार
  3. जयसिंहपुर में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, नदी किनारे मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

जयसिंहपुर में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, नदी किनारे मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

बिहार के मोतिहारी में घर से बुलाकर युवक की हत्या का मामला सामने आया है, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।

जयसिंहपुर में युवक की हत्या- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV जयसिंहपुर में युवक की हत्या

बिहार के मोतिहारी में घर से बुलाकर एक युवक की चाकू गोदकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर में मंगलवार सुबह रेतवा नदी किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जयसिंहपुर खिरुआ बाजार निवासी भूलन साह के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि सोमवार रात तीन युवक दीपक को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह रेतवा नदी के किनारे उसका शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक के शरीर पर चाकू से वार के कई निशान मिले

मंगलवार सुबह नदी किनारे युवक का शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मृतक के शरीर पर चाकू से कई वार के निशान मिले हैं जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं,  घटनास्थल से मीट-भूंजा और शराब की खाली पाउच भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से मिले सामान को भी जांच के लिए कब्जे में लिया है।

आपसी रंजिश हो सकती है वजह

 

सूचना पर तुरकौलिया थानाध्यक्ष रंजीत कुमार, दारोगा मनीष राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया। सदर-1 डीएसपी दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि आपसी लड़ाई-झगड़े को घटना का कारण माना जा रहा है।

उन्होंने कहा कि युवक के परिजन बता रहे हैं कि आपस में लड़ाई झगड़ा ही वजह होगी। हालांकि,अभी हम जांच कर रहे हैं और उसके बाद ही पता चल पाएगा कि हत्या कैसे हुई? फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मृतक के साथ रात में गए युवकों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है

मोतिहारी से अरविन्द कुमार की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें-

'पापा ने बुलाया तो आ गई', रोहिणी को रिसीव करने एयरपोर्ट पहुंचे लालू-राबड़ी और मीसा, भावुक हुआ परिवार