1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. रेप के बाद महिला के मुंह में शराब डालकर जलाने की कोशिश, बारिश ने बचाई जान

रेप के बाद महिला के मुंह में शराब डालकर जलाने की कोशिश, बारिश ने बचाई जान

दो युवकों ने एक महिला को जबरदस्ती गाड़ी में बैठाकर उसके साथ गैंगरेप किया। आरोप है कि वारदात के बाद दरिंदों ने उसके मुंह और शरीर पर शराब छिड़ककर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की।

चिरमिरी थाना क्षेत्र का मामला- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT चिरमिरी थाना क्षेत्र का मामला

छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले के चिरमिरी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बरतुंगा जंगल में एक महिला के साथ कथित तौर पर दो युवकों ने दुष्कर्म किया। आरोप है कि वारदात के बाद आरोपियों ने महिला के मुंह में शराब डाला, फिर उसके शरीर पर छिड़ककर उसे आग लगाने की कोशिश की। हालांकि, बारिश की वजह से माचिस गीली होने के कारण आग नहीं लग सकी और महिला किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही।

पीड़िता के अनुसार, दो युवकों ने उसे जबरदस्ती गाड़ी में बैठाया और बरतुंगा जंगल की ओर ले गए। जंगल में आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद, इन दरिंदों ने सबूत मिटाने और महिला की हत्या के नीयत से उसके मुंह में और शरीर पर शराब छिड़क दी।

कैसे बची महिला की जान?

आरोपियों ने महिला को जलाने के लिए माचिस जलाई, लेकिन घटना के वक्त हो रही बारिश के कारण माचिस गीली हो चुकी थी, जिस वजह से आग नहीं जल सकी। इसी बीच, पीड़िता ने अपनी सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए मौका पाकर आरोपियों के चंगुल से दौड़ लगाई और किसी तरह अपनी जान बचाकर सीधे थाने पहुंची।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर चिरमिरी पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना को 24 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन खबर लिखे जाने तक दोनों आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस मामले में पीड़िता के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। एक ऐसी ही खबर छत्तीसगढ़ के रायपुर से आई थी, जहां तीन लोगों ने महिला को शराब पिलाकर उसके साथ दो बार दरिंदगी की।

बाल सुधार गृह में दुष्कर्म के आरोपी ने की खुदकुशी

एक अन्य खबर में, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित बाल सुधार गृह में दुष्कर्म के एक आरोपी ने शौचालय में फंदे से लटककर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, मृतक रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ क्षेत्र का निवासी था और उसकी उम्र कुछ दिन पहले ही 18 वर्ष पूरी हुई थी। उसे तीन दिन पहले ही 15 अगस्त को रायगढ़ से बिलासपुर के बाल सुधार गृह लाया गया था। मंगलवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

(रिपोर्ट- सिकंदर खान)

ये भी पढ़ें-

नवरात्रि की रात नाबालिग से गैंगरेप, कोर्ट ने 5 दरिंदों को ठहराया दोषी, सजा की तारीख भी तय

खेती करने से रोका तो चाचा की हत्या, जंगल में लकड़ियां जुटाकर जला दी लाश; दो भतीजे गिरफ्तार