A
Hindi News छत्तीसगढ़ माओवाद को लेकर अमित शाह ने दिया बयान, बोले- "आदिवासियों के हाथ में बंदूक थमाकर भविष्य बर्बाद किया"

माओवाद को लेकर अमित शाह ने दिया बयान, बोले- "आदिवासियों के हाथ में बंदूक थमाकर भविष्य बर्बाद किया"

अमित शाह ने अपने भाषण में कहा कि नक्सलवाद किसी एक राज्य की समस्या नहीं थी। छत्तीसगढ़ की 25 वर्षों की यात्रा देखा जाए तो शुरुआत में कांग्रेस की सरकार रही, जिसमें अत्याचार, दंगे और ढेर सारे आंदोलन होते रहे।

अमित शाह- India TV Hindi Image Source : PTI अमित शाह

रायपुर: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ की 25 वर्षों की विकास यात्रा और नक्सलवाद की चुनौती को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस और विकास के आंकड़ों पर चर्चा करते हुए उन्होंने  कहा कि नक्सलवाद को केवल कानून-व्यवस्था या विकास से जोड़कर देखना सही नहीं है।

अमित शाह ने कहा कि नक्सलवाद का समाधान बंदूकों से निकालने की सोच भारतीय संविधान की मूल भावना के खिलाफ है। उन्होंने कहा, "मैं किसी के भी साथ प्रमाणों के साथ डिबेट कर सकता हूं कि यह समस्या सिर्फ विकास या कानून-व्यवस्था की नहीं है। अगर यह केवल विकास की कमी होती, तो इसे 'माओवादी' नाम क्यों दिया गया? यह एक ऐसी विचारधारा है, जिसने गरीब आदिवासी युवाओं और बच्चों के हाथों में हथियार थमा दिए और उनके भविष्य को बर्बाद किया।" उन्होंने याद दिलाया कि माओवाद के पैर पसारने से पहले बस्तर के आंकड़े यूपी और बिहार के कई जिलों से बेहतर हुआ करते थे।

डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल की सराहना

गृहमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अपने 15 वर्षों के शासनकाल में छत्तीसगढ़ को 'बीमारू' राज्य की श्रेणी से बाहर निकाला। शाह ने कहा, "डॉ. रमन सिंह ने विकास के हर आयाम में राज्य को आगे बढ़ाया और माओवादी विचारधारा के खिलाफ डटकर संघर्ष किया। उन्होंने सीमित संसाधनों और केंद्र में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद नक्सलवाद पर काफी हद तक लगाम लगाई।"

बजट में 30 गुना वृद्धि

राज्य की आर्थिक प्रगति का ब्यौरा देते हुए अमित शाह ने कहा कि साल 2000 की तुलना में 2025 तक छत्तीसगढ़ के वार्षिक बजट में 30 गुना की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि देश का शायद ही कोई ऐसा राज्य होगा, जहां इस स्तर की वृद्धि दर्ज की गई हो। इसके अलावा, राज्य के सकल राज्य मूल्य वर्धन (GSVP) में भी 25 गुना वृद्धि हुई है।

कांग्रेस पर साधा निशाना

अमित शाह ने राज्य की शुरुआती स्थिति पर बात करते हुए कहा कि निर्माण के शुरुआती वर्षों में कांग्रेस के शासन के दौरान राज्य ने केवल अत्याचार, दंगे और ढेर सारे आंदोलन देखे। उन्होंने आरोप लगाया कि नक्सलवाद 12 राज्यों में फैली एक गंभीर समस्या थी, जिसे केंद्र की तत्कालीन कांग्रेस सरकारों ने गंभीरता से नहीं लिया।

ये भी पढ़ें-

नशे में धुत महिलाओं ने कैब ड्राइवर को गालियां दीं, हेलमेट और हाथों में चेन लपेटकर पीटा; VIDEO वायरल

कोलकाता समेत पूरे बंगाल में लुढ़का पारा, मौसम विभाग ने बताया अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम?