A
  1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. ACB की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार का रिश्वत लेते लिपिक गिरफ्तार, रंगे हाथों पकड़ा

ACB की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार का रिश्वत लेते लिपिक गिरफ्तार, रंगे हाथों पकड़ा

छत्तीसगढ़ में एसीबी ने 50 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में एक लिपिक को गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता सेवानिवृत्त ‘लैब टेक्निशियन’ तुकाराम लहरे ने एसीबी में शिकायत की थी।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE प्रतीकात्मक फोटो

छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने 50 हजार रुपए रिश्वत लेने के आरोप में एक लिपिक को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी सोमवार को नवा रायपुर में की गई। अधिकारियों ने बताया कि एसीबी दल ने सोमवार को नवा रायपुर में चिकित्सा शिक्षा कार्यालय के लिपिक चवाराम बंजारे को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

तुकाराम लहरे ने दी थी शिकायत 

ACB अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई एक सेवानिवृत्त लैब टेक्निशियन, तुकाराम लहरे की शिकायत पर की गई थी। लहरे ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी कि चवाराम बंजारे उनके जनरल प्रोविडेंट फंड (GPF) और अन्य बकाया राशि को जारी करने के एवज में 50,000 रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था।

रिश्वत लेते मौके पर ही दबोचा

शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने एक जाल बिछाया। सोमवार को ACB दल ने चवाराम बंजारे को तुकाराम लहरे से ₹50,000 की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया। बंजारे को भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

सड़क दुर्घटना में 4 लोगों की मौत, 1 घायल

वहीं, छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में रविवार रात एक तेज रफ्तार कार और दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार चालक घायल हो गया। यह घटना पेंड्रा थाना क्षेत्र के मझगवां गांव के पास हुई। मृतकों की पहचान गंगाराम गंधर्व (25), रामावतार गोंड (30), भूपेंद्र गोंड (28) और शानू केंवट (22) के रूप में हुई है। वहीं, कार चालक स्नेहिल गुप्ता घायल हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, गंगाराम, रामावतार, भूपेंद्र और शानू रविवार रात गंगाराम का जन्मदिन मनाने के लिए पास के एक गांव में गए थे। वापस लौटते समय, जब वे दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पेंड्रा की ओर आ रहे थे, तभी मझगवां गांव के पास एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार भी एक पेड़ से जा टकराई।

इस भीषण हादसे में गंगाराम, रामावतार और भूपेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। शानू और कार चालक स्नेहिल घायल हो गए, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में इलाज के दौरान शानू ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार चालक स्नेहिल गुप्ता नशे की हालत में वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने स्नेहिल गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

'डंकी' एजेंट पर भड़का सुप्रीम कोर्ट, कहा- भारतीय पासपोर्ट की छवि खराब करते हो; नहीं दी अग्रिम जमानत

बर्तन गिरा तो निकालने के लिए सूखे कुएं में उतर गए पिता-पुत्र, दम घुटने से दोनों की मौत