1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ में अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ा एक्शन, भिलाई में मदरसे पर चला बुलडोजर, लंबे समय से निगम की जमीन पर बना था

छत्तीसगढ़ में अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ा एक्शन, भिलाई में मदरसे पर चला बुलडोजर, लंबे समय से निगम की जमीन पर बना था

अवैध कब्जे को लेकर भिलाई निगम की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। लंबे समय से निगम की जमीन पर बने मदरसे पर बुलडोजर कार्रवाई की गई है। चार थाना प्रभारी और प्रशासन की टीम की मौजूदगी में ये एक्शन लिया गया है।

Chhattisgarh durg bhilai illegal madarsa bulldozer action- India TV Hindi
Image Source : REPORTER भिलाई में मदरसे पर चला बुलडोजर।

छत्तीसगढ़ के भिलाई में अवैध कब्जे के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निगम की जमीन पर बने एक मदरसे को बुलडोजर चलाकर हटाया है। इस संवेदनशील मामले को देखते हुए प्रशासन ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह कार्रवाई की। निगम ने इस जमीन को खाली कराने के लिए हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, जिसके बाद फैसला आने पर प्रशासन ने एक्शन लिया। जानकारी के अनुसार, ये मदरसा लंबे समय से नगर निगम की जमीन पर बना हुआ था।

पुलिस और प्रशासन की बड़ी टीम मौके पर रही

भिलाई में अवैध कब्जे के खिलाफ मंगलवार को नगर निगम का बुलडोजर चला। निगम की जमीन पर लंबे समय से बने मदरसे को हटाने की कार्रवाई सुबह से शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन की बड़ी टीम मौके पर मौजूद रही। संवेदनशीलता को देखते हुए इलाके की घेराबंदी की गई। चार थाना प्रभारियों के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और आसपास के रास्तों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के बाद ही बुलडोजर की कार्रवाई शुरू की गई।

कोर्ट से फैसला आने के बाद कार्रवाई

जानकारी के अनुसार नगर निगम ने संबंधित जमीन को अपनी संपत्ति बताते हुए कब्जा हटाने के लिए हाई कोर्ट में मामला दायर किया था। कोर्ट से फैसला आने के बाद निगम प्रशासन ने जमीन को कब्जामुक्त कराने की प्रक्रिया शुरू की और आज कार्रवाई को अंजाम दिया गया। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारी, निगम अमला और पुलिस बल लगातार मौके पर मौजूद रहे। पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की नजर बनी रही ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित न हो। (रिपोर्ट: सिकंदर खान)

ये भी पढ़ें- दुर्ग में एक ही परिवार के 4 लोगों का अंतिम संस्कार देख नम हो गई सभी की आंखे, हिमाचल कार हादसे में खत्म हो गया 'वंश'

छत्तीसगढ़: आदिवासी समुदाय के 200 लोगों की हिंदू धर्म में 'घर वापसी', BJP विधायक ने पैर धोकर किया स्वागत