A
  1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. 'काम करो या सस्पेंड होने के लिए तैयार रहो', CM विष्णुदेव साय ने इंजीनियर को लगाई फटकार

'काम करो या सस्पेंड होने के लिए तैयार रहो', CM विष्णुदेव साय ने इंजीनियर को लगाई फटकार

सीएम विष्णुदेव साय ने ग्रामीणों की शिकायत पर पीएचई विभाग के सब इंजीनियर को जमकर फटकार लगाई। उनका यह रूप देखकर वहां मौजूद सरकारी अमला सहम गया, जबकि ग्रामीणों ने तालियां बजाकर उनका अभिवादन किया।

vishnu deo sai- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV CM विष्णुदेव साय

रायपुर: "सरकार कैसा काम कर रही है, सब ठीक है ना। यही जानने आपके घर आया हूं। आप लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है ना, कुछ दिक्कत परेशानी हो तो बताइए...", ये कहना है मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का, जो सुशासन तिहार के दौरान अचानक ही जीपीएम (गौरेला-पेन्ड्रा-मरवाही) जिले के चुकतीपानी गांव में हेलीकॉप्टर से पहुंचे। हेलीकॉप्टर देखते ही बैगा बाहुल्य गांव में लोगों की भीड़ लग गई और अपने बीच में मुख्यमंत्री को देखकर ग्रामीण हैरान रह गए।

CM के तेवर देख सहम गया सरकारी अमला

बैगा समुदाय के ग्राम प्रमुख ने मुख्यमंत्री को गुलमोहर की माला पहनाकर उनका स्वागत किया। बैगा ग्रामीण रैता बैगा ने तेंदू फल से भरी टोकरी देकर मुख्यमंत्री का गांव में आने के लिए आभार प्रकट किया। सीएम विष्णु देव ने वहां मौजूद ग्रामीणों से शासकीय योजनाओं के बारे में पूछा। इस दौरान ग्रामीणों की शिकायत पर पीएचई विभाग के सब इंजीनियर को मुख्यमंत्री ने जमकर फटकार भी लगाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि या तो काम करो या फिर सस्पेंड होने के लिए तैयार रहो। उनका यह रूप देखकर वहां मौजूद सरकारी अमला सहम गया, जबकि ग्रामीणों ने तालियां बजाकर उनका अभिवादन किया।

देखें वीडियो-

टंकी से ओवरफ्लो हो रहे पानी को देखकर जताई नाराजगी

सीएम ने इस दौरान पानी टंकी से ओवरफ्लो हो रहे पानी को देखकर पानी की बरबादी करने पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि हर गरीब को आवास देने का सरकार अपना सबसे बड़ा वायदा पूरा कर रही है और इसी क्रम में चुकतीपानी में भी 179 पीएम आवास स्वीकृत किए गए हैं। महतारी वंदन योजना के बारे में महिलाओं से पूछने पर उन्होंने बताया कि वो योजना के पैसों से स्व सहायता समूह बनाकर काम कर रही है और घरेलू खाद से सब्जियां उगाकर उसे नजदीक के सभी मंडी में बेचकर आय अर्जित कर रही है। स्थानीय महिलाओं ने वर्मी कम्पोस्ट में उगाई गई लाल भाजी को मुख्यमंत्री को भेंट भी किया।

Image Source : india tvग्रामीणों से बातचीत करते हुए सीएम विष्णु देव साय।

मिनी स्टेडियम के रूप में अपग्रेड होगा स्कूल मैदान

इस दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर चुकतीपानी गांव के मिडिल स्कूल का मरम्मत करने की घोषणा की और साथ ही स्कूल के मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में अपग्रेड करने की भी घोषणा की।

यह भी पढ़ें-

नक्सलवाद से उबर रहा छत्तीसगढ़, जगरगुंडा में दशकों बाद खुली बैंक शाखा

छत्तीसगढ़ की औद्योगिक विकास नीति में बड़ा बदलाव, युवाओं-किसानों और निवेशकों को मिलेगा सीधा लाभ