1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ के बस्तर में ऐसा सैलाब कि बह गई कार, एक ही परिवार के 4 सदस्य डूबे

छत्तीसगढ़ के बस्तर में ऐसा सैलाब कि बह गई कार, एक ही परिवार के 4 सदस्य डूबे

राजेश परिवार बस्तर घूमने गए थे। जब वह कांगेर नाला पार कर रहे थे तब उनकी कार नाले में डूब गई। नदी का जलस्तर कम होने के बाद मंगलवार देर शाम चारों के शव बाहर निकाले गए।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : PTI (FILE PHOTO) प्रतीकात्मक तस्वीर

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में पुल पार करने के दौरान एक कार के पानी में बहने से उसमें सवार दंपति और उनकी दो बेटियों की मौत हो गई। वहीं एक अन्य घटना में बीजापुर जिले में नदी पार करते समय एक व्यक्ति बह गया। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। जगदलपुर के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बस्तर जिले में मंगलवार शाम कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में बाढ़ग्रस्त कांगेर नाला पार करते समय एक कार के तेज बहाव में बह जाने से एक परिवार के चार सदस्य डूब गए।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान राजेश कुमार जी (43), उनकी पत्नी पवित्रा (40) और उनकी दो बेटियों सौजन्या (सात) और सौमैय्या (चार) के रूप में हुई है।

परिवार संग बस्तर घूमने गए थे राजेश

उन्होंने बताया कि कार चालक लाला यदु ने एक पेड़ को पकड़कर अपनी जान बचाई। बाद में उसे नाले से बाहर निकाला गया। अधिकारी ने बताया कि राजेश तमिलनाडु के मूल निवासी थे और रायपुर में ठेकेदार के तौर पर काम करते थे। परिवार बस्तर घूमने गए थे। जब वह कांगेर नाला पार कर रहे थे तब उनकी कार नाले में डूब गई। नदी का जलस्तर कम होने के बाद मंगलवार देर शाम चारों के शव बाहर निकाले गए।

उफनती चेरपाल नदी को पार करते समय बह गया शख्स

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में, मंगलवार को बीजापुर जिले में उफनती चेरपाल नदी को पार करते समय एक व्यक्ति बह गया। उसकी तलाश जारी है। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के बस्तर संभाग में पिछले 36 घंटों के दौरान हो रही बारिश से क्षेत्र के कई जिलों में बाढ़ के हालात हैं। राज्य शासन ने अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति से निपटने और राहत और बचाव कार्य शुरू करने के लिए सतर्क रहने कहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के बस्तर, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों में पिछले 36 घंटों में 68 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।  

यह भी पढ़ें-

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, बस्तर संभाग में बाढ़, सीएम साय ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश

जम्मू-कश्मीर में बाढ़-बारिश से भारी तबाही, वैष्णो देवी में लैंडस्लाइड से मृतकों का आंकड़ा 33 हुआ