कानपुर नगर पुलिस कमिश्नरेट में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ADCP) के पद पर तैनात 2021 बैच की लेडी सिंघम कही जाने वाली आईपीएस अधिकारी अंजलि विश्वकर्मा का उत्तर प्रदेश कैडर से छत्तीसगढ़ कैडर में इंटर-कैडर ट्रांसफर कर दिया गया है। गृह मंत्रालय ने यह आदेश उनके विवाह के आधार पर जारी किया है। बता दें कि IPS अंजलि विश्वकर्मा की शादी छत्तीसगढ़ कैडर के 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी उदित पुष्कर से हुई थी। अब दोनों अधिकारी एक ही राज्य कैडर में अपनी सेवाएं दे सकेंगे।
कई बड़े साइबर अपराधों का खुलासा कर चुकी हैं IPS अंजलि
अंजलि विश्वकर्मा वर्तमान में कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में साइबर अपराध से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। वह अपने कार्यकाल के दौरान कई बड़े साइबर अपराधों का खुलासा कर चुकी हैं। उनके स्थानांतरण की खबर सामने आने के बाद पुलिस महकमे और प्रशासनिक हलकों में इसकी चर्चा तेज हो गई है। क्योंकि आईपीएस अंजली विश्वकर्मा को अपराधियों के प्रति उनके सख्त अंदाज व जनता के लिए सौम्य व्यवहार के लिए जाना जाता था।
जानिए IPS अंजलि विश्वकर्मा के बारे में
महकमे की बात करें तो IPS अंजलि विश्वकर्मा का सफर बेहद प्रेरणादायक माना जाता है। उनका जन्म उत्तराखंड में हुआ और उन्होंने स्कूली शिक्षा के दौरान ही अपनी मेधा का परिचय देते हुए 12वीं की परीक्षा में 97.7 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसके बाद उन्होंने आईआईटी कानपुर से नेविगेशन इंजीनियरिंग में बीटेक किया। पढ़ाई पूरी होने के बाद उन्हें एक विदेशी ऑयल कंपनी में लगभग 48 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर नौकरी मिली, जहां उन्होंने मेक्सिको, नॉर्वे, यूनाइटेड किंगडम, मलेशिया, सिंगापुर और अबू धाबी सहित कई देशों में काम किया। हालांकि, उन्होंने कॉर्पोरेट करियर छोड़कर देश सेवा का रास्ता चुना।
Image Source : reporter inputIPS अंजलि विश्वकर्मा
दिलचस्प है पूरी कहानी
- वर्ष 2018 में भारत लौटकर उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी शुरू की। यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2020 में उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 158 हासिल की, जबकि उनके मित्र और बाद में जीवनसाथी बने उदित पुष्कर ने भी उसी परीक्षा में सफलता प्राप्त की।
- ट्रेनिंग पूरी होने के बाद अंजलि विश्वकर्मा को उत्तर प्रदेश कैडर और उदित पुष्कर को छत्तीसगढ़ कैडर आवंटित हुआ। वर्ष 2024 में दोनों विवाह बंधन में बंधे। विवाह के बाद अलग-अलग राज्यों में तैनाती होने के कारण दोनों के बीच सैकड़ों किलोमीटर की दूरी थी। इसी आधार पर गृह मंत्रालय से इंटर-कैडर ट्रांसफर का अनुरोध किया गया, जिसे अब मंजूरी मिल गई है ।
- उदित पुष्कर इस समय छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित राजभवन में राज्यपाल के परिसहाय के रूप में तैनात हैं। हालांकि, अंजलि विश्वकर्मा की नई पोस्टिंग छत्तीसगढ़ के किस जिले में होगी, इसका निर्णय राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा।
सख्त कार्यशैली और पेशेवर छवि
अंजलि विश्वकर्मा अपनी सख्त कार्यशैली, साइबर अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और पेशेवर छवि के कारण उत्तर प्रदेश पुलिस में एक चर्चित अधिकारी रही हैं। अब उनके छत्तीसगढ़ कैडर में जाने के साथ ही उनका प्रशासनिक सफर नए राज्य में आगे बढ़ेगा, जबकि कानपुर पुलिस कमिश्नरेट को एक अनुभवी और चर्चित अधिकारी की विदाई मिलेगी।
(रिपोर्ट- अनुराग श्रीवास्तव)
यह भी पढ़ें-
फर्स्ट अटेंप्ट में क्रैक की UPSC परीक्षा, बनीं IPS, फिर मारी बॉलीवुड में ग्लैमरस छलांग, अब धूम मचाएंगी लेडी सुपरकॉप
IAS अफसर जो बन गया एक्टर, पहले ही अटेंप्ट में पास की UPSC परीक्षा, प्यार में मिले धोखे ने बदली थी किस्मत