1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. गर्लफ्रेंड के घरवालों ने शख्स को नंगा करके पीटा, लड़की से मिलते हुए देख लिया था

गर्लफ्रेंड के घरवालों ने शख्स को नंगा करके पीटा, लड़की से मिलते हुए देख लिया था

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में 21 साल के राहुल अंचल को उसकी नाबालिग गर्लफ्रेंड के परिजनों ने नंगा कर चप्पल, केबल और पाइप से बेरहमी से पीटा। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में लिया।

Dalit man, Chhattisgarh's Sakti, videos go viral, Sakti, Chhattisgarh- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIONAL पुलिस ने मामले में 5 लोगों को हिरासत में लिया है।

सक्ती: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक 21 साल के एक शख्स को कथित तौर पर उसकी नाबालिग गर्लफ्रेंड के घरवालों ने नंगा करके बेरहमी से पीटा। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि यह घटना 8 अप्रैल को मालखरौदा थाना क्षेत्र के बड़े रवेली गांव में हुई। राहुल अंचल नाम के इस युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में राहुल एक चबूतरे पर बैठा नजर आ रहा है और एक शख्स उसे बेरहमी से पीट रहा है। बाद में कई अन्य लोगों ने भी राहुल की पिटाई की। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर 5 लोगों को हिरासत में लिया है।

‘चप्पल, केबल और पाइप से बेरहमी से पीटा’

पुलिस के मुताबिक, डभरा का निवासी राहुल अंचल अनुसूचित जाति सतनामी समुदाय से ताल्लुक रखता है जबकि उसकी 16 साल की गर्लफ्रेंड अन्य पिछड़ा वर्ग से है। वह अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने गया था तभी उसके परिजनों ने उसे घर पर देख लिया और नंगा करके रस्सी से बांध दिया। इसके बाद उसे चप्पल, केबल और पाइप से बेरहमी से पीटा गया। अगले दिन 9 अप्रैल को उसे फिर से गांव की सड़कों पर नंगा करके उसके साथ मारपीट की गई। वायरल वीडियो में राहुल को एक पेड़ के नीचे बने चबूतरे पर बैठे देखा जा सकता है, जहां एक व्यक्ति उसे पीट रहा है।

पुलिस ने मामले का लिया स्वत: संज्ञान

एक अन्य वीडियो में राहुल बता रहा है कि लड़की के माता-पिता ने उसे कमरे में पकड़ लिया और फिर दूसरों को बुलाकर रात भर उसकी पिटाई की। राहुल को इलाज के लिए पड़ोसी रायगढ़ जिले के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सक्ती की SP अंकिता शर्मा ने बताया कि इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई थी, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच जारी है। (PTI)