1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. मजदूरी करने वाले दंपति की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या, खून से सने शव घर से हुए बरामद

मजदूरी करने वाले दंपति की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या, खून से सने शव घर से हुए बरामद

रायगढ़ में अज्ञात लोगों ने एक आदिवासी दंपति की हत्या कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दो संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : FILE (PHOTO) प्रतीकात्मक फोटो

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अज्ञात हमलावरों ने एक आदिवासी दंपति की निर्मम हत्या कर दी है। बुधवार सुबह उनके घर से खून से सने शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और दो संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह दर्दनाक घटना जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र के भेन्ड्रा गांव की है। बुधवार सुबह गांव के एक घर से गुरुवार सिंह राठिया (35) और उनकी पत्नी मनीता राठिया (30) के शव बरामद किए गए। पुलिस को आशंका है कि बीती रात अज्ञात लोगों ने धारदार लाठी-डंडों से पीट-पीटकर पति-पत्नी की हत्या कर दी। दोनों के शव खून से लथपथ पाए गए।

वारदात की जानकारी सबसे पहले गांव के सरपंच ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस का दल तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि मृतक दंपति मजदूरी करके अपना जीवन यापन करते थे। उनके तीन छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से माता-पिता का साया उठ गया है।

दो संदिग्धों से पूछताछ

फिलहाल, पुलिस इस दोहरी हत्या के कारणों का पता नहीं लगा पाई है। हत्या के पीछे आपसी रंजिश, संपत्ति विवाद, या किसी अन्य कारण की संभावना की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल, दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। घरघोड़ा थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की टीमें हत्यारों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही हैं। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

CM सिद्धारमैया के बेटे ने कहा- पिता का पॉलिटिकल करियर आखिरी पड़ाव पर, जानें किसको बताया उत्तराधिकारी

दर्दनाक हादसा: नेपाल से आ रहा यात्री वाहन मिरिक के पास 150 नीचे खाई में गिरा, 3 की मौत, 16 घायल