1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. रायपुर में महिला से गैंगरेप, 3 लोगों ने शराब पिलाकर दो बार की दरिंदगी, बेहोशी की हालत में मिली पीड़िता

रायपुर में महिला से गैंगरेप, 3 लोगों ने शराब पिलाकर दो बार की दरिंदगी, बेहोशी की हालत में मिली पीड़िता

पीड़िता ने पुलिस थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस की टीम ने सीसीटीवी खंगालने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज कराया केस- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज कराया केस

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 23 वर्षीय महिला के साथ गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने पहले सरोना शराब भट्टी के पास महिला को शराब पिलाई और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद खाना खिलाने के बहाने उसे आमापारा स्थित आरडी तिवारी सरकारी स्कूल के मैदान में ले गए, जहां दोबारा उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

काम की तलाश में बैठी थी महिला

जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर की रहने वाली 23 वर्षीय महिला शनिवार देर रात काम की तलाश में सरोना शराब भट्टी के पास बैठी थी। इसी दौरान तीन युवक उसके पास पहुंचे और उससे बातचीत करने लगे। आरोप है कि बातचीत के दौरान तीनों ने वहीं शराब पी और महिला को भी शराब पिलाई। इसके बाद आरोपियों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

खाना खिलाने के बहाने दूसरी जगह ले गए

आरोप है कि पहली वारदात के बाद तीनों युवकों ने महिला को यह कहकर बहलाया कि इलाका ठीक नहीं है और उसे खाना खिलाने के बहाने अपने साथ बाइक पर बैठाकर आमापारा स्थित आरडी तिवारी सरकारी स्कूल के मैदान में ले गए। वहां आरोपियों ने महिला को दोबारा शराब पिलाई और खाना खिलाया। इसके बाद तीनों ने फिर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गए।

स्कूल के मैदान में बेहोश मिली महिला

रविवार सुबह स्कूल के चौकीदार ने मैदान में एक महिला को बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। इसके बाद उसने आजाद चौक थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया। होश में आने के बाद महिला ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज

पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए सरोना से लेकर आमापारा तक कई स्थानों के CCTV फुटेज खंगाले। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में सुराग मिले और देर शाम तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

आगे ट्रांसफर की गई जांच

पुलिस के मुताबिक, महिला की तीनों आरोपियों से मुलाकात सरोना इलाके में हुई थी। इसके बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आजाद चौक थाना पुलिस ने गैंगरेप की धाराओं में जीरो FIR दर्ज की। इसके बाद मामले को आगे की जांच के लिए डीडी नगर थाना पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

सिकंदर खान की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

साप्ताहिक अवकाश न मिलने और मैनेजर की प्रताड़ना से परेशान महिला ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट बरामद