जलगांव: जलगांव जिले के जामनेर तालुका के सुकनाइक टांडा इलाके में 30 वर्षीय शादीशुदा आदिवासी महिला के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत फत्तेपुर पुलिस स्टेशन में 7-8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता कृषि मजदूर के रूप में काम करती है।
नशीला पदार्थ खिलाकर किया सामूहिक दुष्कर्म
एफआईआर (FIR) के अनुसार, पीड़िता को खाने में नशीली चीज़ मिलाकर खिलाई गई थी। यह भी आरोप है कि इसके बाद उसे गन्ने के खेत में ले जाया गया और बार-बार यौन उत्पीड़न किया गया। साथ ही, आरोप है कि आरोपियों ने पीड़िता को धमकी दी कि वे घटना का वीडियो बनाएंगे और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे। आरोपियों ने उसके पति की भी पिटाई की, जिसने मदद के लिए अपने समुदाय के लोगों और पुलिस को फोन करने की कोशिश की थी।
पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
आरोप है कि आरोपियों ने एक महीने पहले पीड़िता को दोपहिया वाहन पर फिर से अपहरण कर लिया। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए 16 जुलाई 2026 को पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, "एक संदिग्ध ने बंदूक की नोक पर पीड़िता का यौन उत्पीड़न किया। बाकी लोग पहरा देते रहे और उस हरकत का वीडियो बनाकर उसे वायरल की धमकी देकर उसे डराते रहे। आरोपियों की पहचान रामेश्वर गणपत राठौड़, सूरज भीमसिंह राठौड़ और पवन छगन राठौड़ (सभी सुकनायक टांडा से) के साथ-साथ भारमल कृपाल साबले (गोदरी टांडा, तालुका जामनेर) के तौर पर की गई है। इनके अलावा 3 से 4 अन्य अज्ञात आरोपी शामिल हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस पर लगा ये आरोप
एक सामाजिक कार्यकर्ता ने दावा किया, "पीड़िता के पति का फोन आने के बाद, हमने पीआई (PI) और DySP को फोन किया, लेकिन हमारे फोन काट दिए और जवाब देने से इनकार कर दिया। हमारा आदिवासियों के अधिकारों के लिए लड़ने वाला एक संगठन हैं। पुलिस को फोन करने से पहले हमने सारी जानकारी की पुष्टि की थी। सुबह जब हम पुलिस स्टेशन पहुंचे, तो पुलिस इंस्पेक्टर ने शुरू में हमारी शिकायत लेने से इनकार कर दिया था।" उन्होंने कहा कि हमने उनका समय बर्बाद किया और बाद में बिजली न होने का बहाना बनाया। सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर बापू रोहम ने कहा, "मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस इसकी जांच कर रही है। जांच के आधार पर उचित कदम उठाए जाएंगे।"
इससे पहले ओडिशा के सुंदरगढ़ में एक नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया था। लड़की रात के समय घर से बाहर शौचालय के लिए निकली थी। इस दौरान कई लोगों ने अगवा कर घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
ये भी पढ़ेंः पिता ने बेटी के साथ किया यौन शोषण, दूसरों के साथ भी भेजना चाहता था; पीड़िता ने खुद को पेट्रोल डालकर जलाया
रिपोर्ट- नरेंद्र कदम, जलगांव