बॉलीवुड सुपरस्टार रणबीर कपूर का एक दिल छू लेने वाला फैन मोमेंट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। रामायण की वर्ल्ड प्रीमियर के एक दिन बाद कैलिफोर्निया के बेवर्ली हिल्स में उनकी मुलाकात इजिप्ट के कंटेंट क्रिएटर पीटर फुआद (Peter Fouaad) से हुई। रणबीर ने न सिर्फ फैन के साथ सेल्फी ली बल्कि सफलता का सरल मंत्र भी साझा किया। उनका विनम्र व्यवहार और जेस्चर फैंस का दिल जीत रहा है।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @peterfouaad नामक हैंडल से शेयर किया गया है। दावा किया जा रहा है कि, रणबीर कपूर 27 अक्टूबर 2026 को लॉस एंजिल्स में अपनी अपकमिंग फिल्म रामायण पार्ट-1 की वर्ल्ड प्रीमियर में शामिल हुए थे। अगले दिन वे बेवर्ली हिल्स की सड़कों पर घूम रहे थे। तभी स्ट्रीट इंटरव्यू और वॉक एन टॉक वीडियो के लिए जाने-माने इजिप्टियन क्रिएटर पीटर फुआद ने उन्हें पहचान लिया। पीटर ने रणबीर के पास जाकर पूछा कि क्या वे सच में रणबीर कपूर हैं। पुष्टि होने पर उन्होंने खुद को परिचय दिया और कहा, “यह मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है, सर। मेरा नाम पीटर है। मैं बॉलीवुड का बहुत बड़ा फैन।”
ऐ दिल है मुश्किल फिल्म का किया जिक्र
पीटर ने बताया कि उनकी फेवरिट फिल्म ऐ दिल है मुश्किल है और उनके टिकटॉक पर 1.7 मिलियन फॉलोअर्स हैं। उन्होंने सेल्फी और पोलरॉइड फोटो की रिक्वेस्ट की, जिसे रणबीर ने खुशी-खुशी स्वीकार कर लिया। दोनों ने साथ तस्वीरें खिंचवाईं। पीटर ने रणबीर को अपना इंस्पिरेशन बताया और सफलता का राज पूछा। रणबीर ने संक्षेप में लेकिन अर्थपूर्ण जवाब दिया- “सिर्फ कड़ी मेहनत करो, बड़े सपने देखो और अच्छे इंसान बनो।”
फिल्म में मांगा रोल
बातचीत में पीटर ने हल्के अंदाज में अपनी अगली फिल्म में छोटी भूमिका मांगी। रणबीर हंसे और प्रोत्साहित करते हुए बोले, “ऑफ कोर्स।” यह जेस्चर फैंस को बेहद पसंद आया। पीटर ने वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया और कैप्शन में लिखा, “रणबीर कपूर से मिलना सम्मान की बात है! आपकी उदारता, प्रेरणादायक सलाह और इस खास पल को साझा करने के लिए समय निकालने के लिए धन्यवाद। आपको और 'रामायण' फिल्म की पूरी टीम को शानदार सफलता मिले!”
रणबीर के स्वीट जेस्चर ने जीता दिल
वीडियो में रणबीर कैप और काले टी-शर्ट में नजर आ रहे हैं। वे फैन के साथ सहज और फ्रेंडली अंदाज में बात करते दिखते हैं। कई यूजर्स ने कमेंट में लिखा कि बड़े स्टार होने के बावजूद रणबीर का डाउन-टू-अर्थ व्यवहार सराहनीय है। कुछ ने कहा कि उनकी सलाह युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। “वर्क हार्ड एंड बी ए गुड पर्सन” वाला लाइन खासतौर पर चर्चा में है।
5 नवंबर को रिलीज हो रही फिल्म
यह मुलाकात रामायण के प्रमोशन के बीच हुई, जिसमें रणबीर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म 5 नवंबर को रिलीज होने वाली है। कैलिफोर्निया में प्रीमियर के बाद स्टार का यह फैन इंटरैक्शन उनकी लोकप्रियता और विनम्रता को दर्शाता है। पीटर जैसे अंतरराष्ट्रीय फैंस का प्यार बॉलीवुड की वैश्विक पहुंच को भी रेखांकित करता है। सोशल मीडिया पर वीडियो के कई वर्जन वायरल हो रहे हैं। फैंस रणबीर की तारीफ कर रहे हैं कि उन्होंने व्यस्त शेड्यूल के बावजूद समय निकाला।
गौरतलब है कि, इससे पहले AI की रामायण का वीडियो वायरल हो चुका है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
जिम में एक-दूसरे से भिड़ गए रावण और अंगद, दमदार क्रिएटिविटी का Video देख यूजर्स भी करने लगे तारीफ