1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. कैसा लाइफ पार्टनर चाहती हैं साई पल्लवी? अमिताभ बच्चन ने किया सवाल, 'रामायण' की 'सीता' के जवाब पर बजने लगीं तालियां

कैसा लाइफ पार्टनर चाहती हैं साई पल्लवी? अमिताभ बच्चन ने किया सवाल, 'रामायण' की 'सीता' के जवाब पर बजने लगीं तालियां

 Written By: Priya Shukla
 Published : Oct 29, 2026 09:36 am IST,  Updated : Oct 29, 2026 09:36 am IST

साई पल्लवी ने 'रामायण' की टीम के साथ 'कौन बनेगा करोड़पति 18' में शिरकत की। शो में अमिताभ बच्चन ने साई पल्लवी से पूछा कि जब भी वह शादी करेंगी, उन्हें अपने पति में क्या क्वालिटीज चाहिए। साई ने बिग बी के सवाल पर जवाब दिया, वो सुनकर ऑडियंस तालियां बजाने लगी।

sai pallavi- India TV Hindi
साई पल्लवी। Image Source : INSTAGRAM/@SAIPALLAVI.SENTHAMARAI

'रामायण' की रिलीज को अब मात्र 1 हफ्ता बचा है, ऐसे में पूरी टीम जोरों-शोरों से फिल्म के प्रमोशन में जुटी है। 5 नवंबर को रिलीज होने जा रही इस मेगा-बजट फिल्म में रणबीर कपूर प्रभु श्रीराम की भूमिका में नजर आने वाले हैं और साई पल्लवी माता सीता के रोल में नजर आएंगी। वहीं कन्नड़ सुपरस्टार यश लंकापति रावण के रोल में और सनी देओल बजरंगबली की भूमिका में दिखाई देंगे। इस बीच फिल्म की कास्ट फिल्म के प्रमोशन के लिए 'कौन बनेगा करोड़पति 18' के सेट पर पहुंची, जहां अमिताभ बच्चन ने 'रामायण' की टीम से फिल्म के साथ-साथ उनकी निजी जिंदगी से जुड़े हल्के-फुल्के सवाल किए। इसी दौरान बिग बी ने साई पल्लवी से उनकी शादी को लेकर भी सवाल किया। उन्होंने पूछा कि अगर वह शादी करती हैं तो होने वाले जीवनसाथी में क्या क्वालिटी चाहती हैं? साई ने सवाल का जवाब देते हुए कहा कि उनके लिए किसी व्यक्ति का अच्छा इंसान होना सबसे ज्यादा जरूरी है। साथ ही उन्होंने कुछ अन्य क्वालिटी का भी जिक्र किया।

साई पल्लवी कैसा जीवनसाथी चाहती हैं?

'कौन बनेगा करोड़पति 18' के मंच पर मिताब बच्चन ने साई पल्लवी से उनके जीवनसाथी को लेकर सवाल किया और पूछा- 'यदि आपने कभी तय किया कि आप विवाह करना चाह रहे हैं तो किस तरह के इंसान को चुनिएगा आप?' जवाब में साई कहती हैं- 'पहले तो अच्छा इंसान होना चाहिए। उसे बहुत सेल्फ सेंटर्ड और स्वार्थी नहीं होना चाहिए। एक ऐसा इंसान जो आत्मनिरीक्षण कर सके। अपने भीतर झांक सके और अपने कर्मों का ध्यान रख सके। वो समझता हो कि वो जिंदगी में कहां खड़ा है। गलतियां तो इंसान से हो सकती हैं, लेकिन उन्हें सुधारना आना चाहिए। ये बोलने वाला न हो कि उसने ऐसा किया, इसलिए मैंने भी ऐसा किया। मैंने बहुत लंबी लिस्ट बना रखी है। सबसे जरूरी अच्छा इंसान होना चाहिए और कुकिंग आती हो तो सबसे अच्छा।'

डॉक्टर से कैसे बनीं एक्ट्रेस? 

शो के दौरान अमिताभ बच्चन ने साई पल्लवी से उनकी पढ़ाई को लेकर भी सवाल किए और पूछा कि डॉक्टरी की पढ़ाई के बाद उन्होंने एक्टिंग को करियरके तौर पर क्यों चुना? इस पर साई पल्लवी ने मुस्कुराते हुए कहा, 'भगवान ने ही लिखा था कि मुझे एक्टिंग करनी चाहिए।' साई का जवाब सुनकर बिग बी थोड़े उलझन में पड़ गए, तो रणबीर जवाब में कहते हैं- 'भगवान का प्रिस्क्रिप्शन था सर कि इन्हें एक्टिंग करनी है।' रणबीर का ये जवाब सुनकर सभी दर्शक और खुद बिग बी भी ठहाके लगाकर हंस पड़े। दरअसल, साई पल्लवी ने जॉर्जिया की त्बिलिसी स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी से मेडिकल की पढ़ाई की थी, लेकिन बाद में उन्होंने अभिनय का रास्ता चुना। 

'रामायण' में माता सीता बनीं साई पल्लवी

साई पल्लवी इन दिनों निर्देशक नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म में साई पल्लवी माता सीता की भूमिका निभा रही हैं, जबकि रणबीर भगवान राम और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में दिखाई देने वाले हैं। वहीं फिल्म में यश लंकापति रावण और सनी देओल भगवान हनुमान का किरदार निभा रहे हैं। 'रामायण: पार्ट 1' दुनियाभर के सिनेमाघरों में 5 नवंबर 2026 को रिलीज होने जा रही है। ये दो पार्ट्स में बनी इस मेगा बजट फिल्म का पहला हिस्सा है, जबकि दूसरा दिवाली 2027 में रिलीज हो सकता है।

ये भी पढ़ेंः 'ओम - चैप्टर 1: उधिराम' में IPS अफसर नित्या रेड्डी बनीं साई पल्लवी, धनुष-ममूटी की फिल्म में संभालेंगी बड़ा ऑपरेशन

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।