1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. साई पल्लवी ने डॉक्टरी छोड़ क्यों चुनी एक्टिंग? 'रामायण' एक्टर रणबीर कपूर ने KBC पर दिया मजेदार जवाब

साई पल्लवी ने डॉक्टरी छोड़ क्यों चुनी एक्टिंग? 'रामायण' एक्टर रणबीर कपूर ने KBC पर दिया मजेदार जवाब

 Written By: Himanshi Tiwari
 Published : Oct 27, 2026 07:27 pm IST,  Updated : Oct 27, 2026 07:27 pm IST

रणबीर कपूर और साई पल्लवी अपनी आने वाली फिल्म 'रामायण' के प्रमोशन में व्यस्त हैं। हाल ही में 'कौन बनेगा करोड़पति' में रणबीर ने बताया कि साई ने एक्टिंग के लिए MBBS की पढ़ाई क्यों छोड़ी।

Ranbir Kapoor- India TV Hindi
रणबीर कपूर और साई पल्लवी Image Source : INSTAGRAM/@SONYTVOFFICIAL

रणबीर कपूर और साई पल्लवी अपनी अपकमिंग फिल्म 'रामायण' के प्रमोशन में जुटे हुए हैं। फिल्म की रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच इसे लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। इसी फिल्म के प्रमोशन के लिए 'रामायण' के कलाकार 'कौन बनेगा करोड़पति' के सेट पर पहुंचे, जहां सीता-राम के साथ 'लक्ष्मण' यानी रवि दुबे भी शामिल हुए। शो के कुछ हिस्से ब्रॉडकास्टर्स द्वारा जारी किए गए हैं, जिनमें से एक क्लिप काफी चर्चा में है। इस नए प्रोमो में अमिताभ बच्चन साउथ सुपरस्टार साई पल्लवी से उनके MBBS छोड़ने के फैसले के बारे में सवाल पूछते हैं।

साई पल्लवी के डॉक्टरी छोड़ने पर रणबीर कपूर का रिएक्शन

रणबीर कपूर की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'रामायण' 5 नवंबर 2026 को दुनिया भर में रिलीज होगी। फिल्म की ओपनिंग 200 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है और फिलहाल पूरी कास्ट इसके प्रमोशन में व्यस्त है। अब 'रामायण' की टीम अमिताभ बच्चन के शो 'कौन बनेगा करोड़पति 18' में पहुंची है, जहां का एक पल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शो के दौरान अमिताभ बच्चन ने साई पल्लवी से उनके MBBS की पढ़ाई पूरी करने के बाद डॉक्टरी छोड़ने और एक्टिंग में करियर बनाने के फैसले के बारे में पूछा। बातचीत के दौरान अमिताभ बच्चन ने साई पल्लवी से पूछा, 'आपने डॉक्टर बनने की पढ़ाई की थी और आप यहां आ गईं। ऐसा कैसे हुआ?' साई पल्लवी ने विनम्रता से हां कहा और फिर बताया कि शायद उनकी किस्मत में ही लिखा था कि वह एक अभिनेत्री बनेंगी। उन्होंने कहा, 'ईश्वर ने ऐसा ही लिखा था। यह पहले से तय था कि मुझे अभिनय करना है।' जहां दर्शकों ने एक्ट्रेस के लिए तालियां बजाईं। वहीं रणबीर कपूर ने भी साई के इस फैसले पर अपनी बात रखी और कहा:

'सर, यह तो भगवान का प्रिस्क्रिप्शन था कि उन्हें अभिनय करना ही है।'

साई पल्लवी ने कैसे लिया 'रामायण' में सीता बनने का फैसला

'सीता' के दिव्य किरदार को निभाने के अपने अनुभव को साझा करते हुए साई पल्लवी ने कहा कि वह इस भूमिका को निभाते समय अपने दिमाग से ज्यादा दिल और भावनाओं पर भरोसा करना चाहती थीं। उन्होंने बताया कि आमतौर पर, जब वह कोई किरदार निभाती हैं तो वह सोचती हैं कि उस रोल के लिए वह क्या कर सकती हैं, लेकिन इस खास किरदार के लिए उनके पास देने के लिए कुछ नहीं था, बल्कि वह यह सोच रही थीं कि इस पूजनीय रानी का किरदार निभाकर उन्हें क्या-क्या हासिल होगा। उन्होंने कहा:

'मैं इस बार दिमाग का इस्तेमाल नहीं करना चाहती थी। आमतौर पर जब भी मैं कोई किरदार निभाती हूं तो सोचती हूं कि मैं उस किरदार के लिए क्या कर सकती हूं, लेकिन यह पहली बार था जब मैंने सोचा कि माता सीता का किरदार निभाकर मुझे क्या मिलेगा, मुझे क्या ज्ञान मिलेगा, मुझे क्या हासिल होगा'

KBC पर रणबीर-साई संग पहुंचे रवि दुबे

'रामायण' के कलाकारों के साथ विशेष एपिसोड 29 और 30 अक्टूबर 2026 को प्रसारित होंगे। दिवाली से कुछ दिन पहले 5 नवंबर 2026 को होने वाली इस फिल्म की वैश्विक रिलीज से पहले 'रामायण' की टीम कोलकाता, हैदराबाद और चेन्नई जैसे शहरों में इसका जोर-शोर से प्रचार कर रही है। उम्मीद है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ी हिट साबित होगी। यह दो भागों वाली फ्रेंचाइजी का पहला हिस्सा है और इसके दूसरे भाग को दिवाली 2027 में रिलीज करने की घोषणा पहले ही की जा चुकी है।

'रामायण' की शानदार कास्ट

नमित मल्होत्रा ​​की 'रामायण' को प्राइम फोकस स्टूडियोज, DNEG और यश के 'मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स' के साथ मिलकर बना रहे हैं। फिल्म में रणबीर कपूर 'श्री राम' के रूप में, साई पल्लवी 'सीता' के रूप में, यश 'रावण' के रूप में, सनी देओल 'हनुमान' के रूप में और रवि दुबे 'लक्ष्मण' के रूप में नजर आएंगे। यह फिल्म पूरे भारत में हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज की जाएगी। इस फिल्म को दुनिया भर में IMAX में भी रिलीज करने की योजना है।

ये भी पढ़ें - 'रामायण' में सीता बनने के लिए साई पल्लवी ने क्यों भरी हामी? KBC में बताई दिल की बात

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।