1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. 'रामायण' में सीता बनने के लिए साई पल्लवी ने क्यों भरी हामी? KBC में बताई दिल की बात

'रामायण' में सीता बनने के लिए साई पल्लवी ने क्यों भरी हामी? KBC में बताई दिल की बात

 Written By: Himanshi Tiwari
 Published : Oct 25, 2026 07:55 pm IST,  Updated : Oct 25, 2026 07:55 pm IST

'कौन बनेगा करोड़पति' में साई पल्लवी ने बताया कि उन्होंने सीता का किरदार बिना किसी सोच-विचार या हिसाब-किताब के चुना है। एक्ट्रेस ने बताया कि इस किरदार को निभाने से पहले वह माता सीता से प्रार्थना कर उनका मार्गदर्शन मांगती हैं।

sai pallavi- India TV Hindi
रणबीर कपूर, साई पल्लवी Image Source : INSTAGRAM/@WORLDOFRAMAYANA

'रामायण' के कलाकार रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे अपनी आने वाली फिल्म के प्रमोशन के लिए अमिताभ बच्चन के शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में पहुंचे। शो में बातचीत के दौरान अमिताभ ने तीनों कलाकारों का गर्मजोशी से स्वागत किया और इस बात पर गर्व जताया कि वे इस महाकाव्य पर आधारित फिल्म में काम कर रहे हैं। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' 5 नवंबर को दिवाली के मौके पर दुनिया भर में रिलीज होने के लिए तैयार है। सिनेमाघरों में दस्तक देने से पहली ही फिल्म की कास्ट, गाने और BTS वीडियो सोसल मीडिया पर चर्चा में बने हुए हैं। इस बीच साई पल्लवी ने माता सीता का किरदार निभाने और इस रोल के लिए अपनी अप्रोच के बारे में भी बात की।

माता सीता का किरदार निभाने पर साई पल्लवी

'कौन बनेगा करोड़पति 18' के दिवाली स्पेशल एपिसोड के दौरान अमिताभ बच्चन ने कलाकारों से पूछा कि जब उन्हें अपने-अपने किरदारों के लिए अप्रोच किया गया तो उनके मन में क्या विचार आया। साई पल्लवी ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने इस रोल को किसी कैलकुलेशन या सोच-विचार के साथ नहीं अपनाया, बल्कि इसे खुद को सिखाने का एक मौका माना।

साई पल्लवी ने क्यों चुना 'रामायण' में सीता का रोल

साई पल्लवी ने कहा, 'इस बार मैं अपना दिमाग नहीं लगाना चाहती थी, जब भी मैं कोई किरदार निभाती हूं तो हमेशा सोचती हूं कि मैं उस किरदार को क्या दे सकती हूं, लेकिन यह पहली बार था जब मैंने सोचा माता सीता जैसा किरदार निभाने से मुझे क्या मिल सकता है? मुझे इससे क्या सीखने को मिलेगा? इसलिए, मैं इस पूरी प्रक्रिया को एकदम पारदर्शी रखना चाहती थी। मैं इसके बारे में कुछ भी पहले से सोचकर नहीं जाना चाहती थी। मैंने बस माता सीता से प्रार्थना की और आगे बढ़ गई।'

अमिताभ बच्चन को याद आई बचपन की दिवाली

शो के एक और प्रोमोशनल क्लिप में रणबीर, रवि और साई ने शानदार एंट्री की। इस दौरान डांसर्स ने 'जय श्री राम' के नारों के बीच उनका स्वागत किया। बाद में रणबीर ने बिग बी से उनके बचपन की दिवाली से जुड़ी कोई एक याद साझा करने को कहा। इस दिग्गज अभिनेता ने एक मजेदार किस्सा सुनाते हुए कहा, 'दिवाली की बस एक ही याद है कि अगर पड़ोस में कोई पटाखा फूटे तो हमारा पटाखा उससे भी ज्यादा जोर से फटना चाहिए।' अमिताभ की इस बात को सुनकर रणबीर जोर से हंस पड़े और तालियां बजाने लगे। वहीं रवि दुबे और साई पल्लवी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

दिवाली स्पेशल KBC होगा खास

'कौन बनेगा करोड़पति 18' का दिवाली स्पेशल एपिसोड 29 और 30 अक्टूबर को रात 9 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनीलिव पर प्रसारित होगा।

रामायण रिलीज को तैयार

नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित 'रामायण' हिंदू महाकाव्य पर आधारित दो-भाग वाली फिल्म है। इसका पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है। इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी सीता के रूप में, यश रावण के रूप में और रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में नजर आएंगे। कलाकारों की इस टोली में हनुमान के रूप में सनी देओल, दशरथ के रूप में अरुण गोविल और कैकेयी के रूप में लारा दत्ता भी शामिल हैं।

ये भी पढ़ें - 'रामायण' के VFX में कमियां मत ढूंढिए, यश ने दर्शकों से की अपील, नमित मल्होत्रा की जमकर की तारीफ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।