रणबीर कपूर और यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' रिलीज से पहले लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। निर्देशक नितेश तिवारी की इस फिल्म को भव्य स्तर पर तैयार किया जा रहा है। फिल्म में यश रावण की भूमिका निभाने के साथ-साथ इसके सह-निर्माता भी हैं। ऐसे में वह फिल्म के प्रचार में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। हाल ही में हैदराबाद में आयोजित एक प्री-रिलीज इवेंट के दौरान यश ने दर्शकों से खास अपील की। उन्होंने कहा कि फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स (VFX) में छोटी-मोटी कमियां तलाशने के बजाय दर्शकों को इसके पीछे की सोच और बड़े उद्देश्य को समझना चाहिए। साथ ही उन्होंने निर्माता नमित मल्होत्रा की तारीफ करते हुए भारतीय सिनेमा को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने के उनके विजन का समर्थन किया।
'VFX में छोटी-छोटी कमियां मत ढूंढिए'
19 अक्टूबर को हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रम में यश ने कहा कि 'रामायण' केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है। उन्होंने दर्शकों से आग्रह किया कि वे फिल्म को खुले मन से देखें और इसके तकनीकी पहलुओं में छोटी-छोटी खामियां निकालने से बचें। अभिनेता के मुताबिक इस तरह की महत्वाकांक्षी फिल्मों के निर्माण के लिए बड़े सपने, साहस और दूरदृष्टि की जरूरत होती है। अगर नमित मल्होत्रा जैसे निर्माता को इस तरह के प्रोजेक्ट के लिए समर्थन नहीं मिला तो भारतीय फिल्म इंडस्ट्री को आगे बढ़ने में कई साल और लग सकते हैं। यश ने कहा कि ऐसे अवसर बार-बार नहीं आते, इसलिए फिल्म को लेकर सकारात्मक नजरिया रखना जरूरी है।
नमित मल्होत्रा के मुरीद हुए यश
यश ने निर्माता नमित मल्होत्रा की तारीफ करते हुए कहा कि फिल्म बनाने का सपना कोई भी देख सकता है, लेकिन उसे पूरा करने के लिए जिस जुनून, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति की जरूरत होती है, वह हर किसी में नहीं होती। उन्होंने कहा कि एक भारतीय होने के नाते हमें ऐसे लोगों के प्रयासों को महत्व देना चाहिए। यश ने लॉस एंजिल्स में नमित मल्होत्रा के साथ हुई मुलाकातों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि नमित अक्सर भारतीय सिनेमा को विश्व स्तर पर स्थापित करने की बात करते थे। यश के मुताबिक नमित का मानना था कि भारतीय प्रतिभाओं ने दुनिया में अपनी क्षमता साबित की है, लेकिन भारतीय फिल्म इंडस्ट्री को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वही पहचान मिलनी चाहिए। यश ने कहा कि नमित की इसी सोच ने उन्हें इस प्रोजेक्ट से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने रावण का किरदार निभाने और सह-निर्माता की जिम्मेदारी संभालने का फैसला इसी बड़े लक्ष्य को पूरा करने के लिए किया।
5 नवंबर को रिलीज होगी 'रामायण'
नमित मल्होत्रा के निर्माण और नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' दो भागों में रिलीज होगी। फिल्म का पहला भाग 'रामायण: पार्ट वन' 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता कंपनी DNEG संभाल रही है। अब दर्शकों को इंतजार है कि भारतीय महाकाव्य पर आधारित यह भव्य फिल्म बड़े पर्दे पर किस तरह का अनुभव पेश करती है। फिल्म को बंगाल में टैक्स फ्री किया गया है।
ये भी पढ़ें - 'रामायण' से यश का रौद्र रूप आया सामने, 'रावण तांडव' कर जीता दिल, वीडियो वायरल