1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. डिलीवरी ब्वॉय ने प्याज भूलने पर लिखा दिल छू लेने वाला नोट, भावुक होकर महिला ने जो कहा; होने लगा वायरल

डिलीवरी ब्वॉय ने प्याज भूलने पर लिखा दिल छू लेने वाला नोट, भावुक होकर महिला ने जो कहा; होने लगा वायरल

 Written By: Shaswat Gupta
 Published : Oct 29, 2026 10:14 am IST,  Updated : Oct 29, 2026 10:14 am IST

सोशल मीडिया पर एक महिला की पोस्ट काफी वायरल हो रही है। इसमें उसने बताया कि कैसे डिलीवरी ब्वॉय ने ऑर्डर में प्याज भूलने पर अपनी गलती मानते हुए एक भावुक छोड़ा।

delivery boy post viral, viral post, viral news, news in hindi, reddit- India TV Hindi
रेडिट पर वायरल नोट। Image Source : REDDIT/@RISHU6969

सोशल मीडिया और रेडिट पर एक छोटा सा नोट वायरल हो रहा है, जिसने हजारों लोगों के दिल छू लिए।  एक डिलीवरी बॉय ने ऑर्डर में 1 किलो प्याज भूल जाने पर गत्ते पर हाथ से एक भावुक संदेश लिखा और कस्टमर को सौंप दिया। संदेश में माफी मांगते हुए उन्होंने बार-बार गुजारिश की कि शिकायत न की जाए। कस्टमर महिला ने इस नोट को पढ़कर कहा कि उन्हें बहुत दुख हुआ और गिग इकॉनमी के दबाव पर सोचने को मजबूर होना पड़ा।

रेडिट पर शेयर की गई पोस्ट 

इस पोस्ट को रेडिट पर r/PataHaiAajKyaHua पेज पर u/rishu6969 यूजर ने शेयर किया है। उन्होंने लिखा कि एक कंपनी के डिलीवरी वाले व्यक्ति से उन्हें यह खत मिला। नोट में साफ लिखा था- “मैं आपसे माफी चाहूंगा कि ये मेरी गलती है कि मैं आपका 1 किलो प्याज लाना भूल गया। प्लीज आप शिकायत मत करिएगा, कल मैं आपके लिए 1 किलो के बदले 2 किलो प्याज दे दूंगा। प्लीज मेरा विश्वास करिए।” आगे उन्होंने अपना मोबाइल नंबर भी दिया और दोबारा लिखा- “प्लीज शिकायत मत करिएगा।”  

नोट ने कस्टमर को किया इमोशनल 

महिला यूजर ने पोस्ट में बताया कि वे वैसे भी कभी शिकायत नहीं करतीं, लेकिन इस नोट ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया। उन्होंने लिखा, “सोचती हूं कि ये लोग किस हालातों में काम करते होंगे, उन पर कितना प्रेशर और स्ट्रेस रहता होगा। यह व्यक्ति सुबह 4-5 बजे मेरी बिल्डिंग में डिलीवरी देने आता है। इस पूरी गिग इकॉनमी को लेकर मैं परेशान हूं। लगता है कि अब इन डिलीवरी वालों के बारे में मेरी सोच पहले जैसी नहीं रह जाएगी।”उन्होंने आगे कहा कि वे अपनी तरफ से टिप देती हैं, पानी या जरूरत की चीजें देती हैं, लेकिन इस घटना ने उन्हें बहुत दुखी कर दिया। उनकी छोटी सी गुजारिश थी कि लोग डिलीवरी स्टाफ के साथ बेहतर बर्ताव करें।

यूजर्स ने भी दिखाई सहानुभूति 

नोट पढ़कर सोशल मीडिया यूजर्स भावुक हो गए। कई लोगों ने कमेंट में सलाह दी कि महिला डिलीवरी बॉय को कॉल करके बता दें कि शिकायत नहीं करेंगी और अतिरिक्त प्याज की जरूरत नहीं है। कुछ ने कहा कि ऐप के जरिए टिप दे दें। महिला ने जवाब में लिखा कि कॉल करना उन्हें सुरक्षित नहीं लगता, लेकिन ऐप के माध्यम से टिप जरूर देंगी। कई यूजर्स ने डिलीवरी बॉय के प्रति सहानुभूति जताई। कुछ ने कहा कि ऐसे नोट से पता चलता है कि ये लोग कितने तनाव में रहते हैं। कुछ ने कंपनियों से बेहतर काम की स्थिति और सुरक्षा की मांग की। घटना याद दिलाती है कि ऑर्डर के पीछे एक इंसान होता है, जो परिवार के लिए मेहनत कर रहा होता है। 

गिग वर्कर्स का संघर्ष

यह घटना गिग इकॉनमी में काम करने वाले डिलीवरी पार्टनर्स की मुश्किलों को फिर से चर्चा में लाती है। वे सख्त डेडलाइन, ज्यादा ऑर्डर पहुंचाने के दबाव और रेटिंग के डर में काम करते हैं। छोटी सी गलती पर शिकायत होने से उनकी कमाई या जॉब प्रभावित हो सकती है। सुबह जल्दी या देर रात तक डिलीवरी करना आम बात है। 

गौरतलब है कि, इससे पहले बारिश में Pizza लेकर आए डिलीवरी ब्वॉय का वीडियो वायरल हुआ था। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें  -

किचन में आग लगी तो डिलीवरी ब्वॉय बन गया मसीहा, सूझबूझ से चुटकियों में बुझाई आग; Video देख यूजर्स कर रहे तारीफ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।