1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. Nagpur MLC Election Results: बीजेपी को RSS के गढ़ में हराया, कांग्रेस से हटाया 'जीरो का टैग', कौन हैं अभिजीत वंजारी?

Nagpur MLC Election Results: बीजेपी को RSS के गढ़ में हराया, कांग्रेस से हटाया 'जीरो का टैग', कौन हैं अभिजीत वंजारी?

 Written By: Kajal Kumari
 Published : Oct 29, 2026 09:47 am IST,  Updated : Oct 29, 2026 10:44 am IST

नागपुर स्नातक निर्वाचन सीट से कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने चुनाव में जीत हासिल की है और कांग्रेस पर लगा जीरो का टैग हटा दिया है। विधान परिषद चुनाव में कांग्रेस की ये पहली जीत है। नागपुर सीट से भाजपा को हराने वाले कौन हैं अभिजीत वंजारी?

कांग्रेस नेता अभिजीत वंजारी- India TV Hindi
कांग्रेस नेता अभिजीत वंजारी Image Source : REPORTER

विधान परिषद चुनाव में कांग्रेस पर जीराे का टैग लग गया था, लेकिन आखिरकार कांग्रेस पार्टी के अभिजीत वंजारी ने महाराष्ट्र के नागपुर स्नातक सीट पर शानदार जीत दर्ज कर पार्टी पर लगे जीरो के टैग को हटा दिया है। अभिजीत वंजारी ने बीजेपी के उम्मीदवार सुधाकर कोहले को बड़े वोटों के अंतर से हराया है और उनकी इस जीत से कांग्रेस को संजीवनी बूटी मिल गई है। अगर बात करें भाजपा की तो बीजेपी के लिए यह परिणाम नागपुर और विदर्भ क्षेत्र में अपनी राजनीतिक स्थिति की समीक्षा करने का संकेत माना जा सकता है। 

कौन हैं अभिजीत वंजारी

नागपुट स्नातक सीट से अभिजीत वंजारी की यह लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले 2020 में भी अभिजीत वंजारी ने नागपुर स्‍नातक निर्वाचन सीट से चुनाव जीता था। अभिजीत वंजारी पेशे से वकील हैं और  वंजारी की सियासी शुरुआत छात्र राजनीति से हुई थी। वंजारी 1998 से 2002 तक महाराष्ट्र प्रदेश एनएसयूआई (NSUI) के महासचिव रहे और इसके बाद उन्हें महाराष्ट्र प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव पद की जिम्मेदारी मिली थी।

पिता के पदचिह्नों पर चले वंजारी
अभिजीत वंजारी को राजनीति विरासत में मिली है। वंजारी के पिता गोविंदराव मारोतराव वंजारी दक्षिण नागपुर विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहे हैं। पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए अभिजीत वंजारी ने भी राजनीति की राह चुनी। उनकी शिक्षा दीक्षा की बात करें तो उन्होंने राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन (BA) और विधि स्नातक (LLB) की पढ़ाई की है। अभिजीत वंजारी नागपुर विश्वविद्यालय की सीनेट और प्रबंधन परिषद के सदस्य भी रह चुके हैं।

कैसे जीते अभिजीत वंजारी, हटाया जीरो का टैग
पहली पसंद के दो राउंड में कोई भी उम्मीदवार जीत के लिए ज़रूरी 75 हज़ार 438 वोटों का कोटा पूरा नहीं कर सका। इसलिए, चुनाव प्रक्रिया के अनुसार, दूसरी पसंद का एलिमिनेशन राउंड हुआ। पहली पसंद के दो राउंड में 1 लाख 65 हज़ार 906 वोटों में से 15 हज़ार 32 वोट इनवैलिड घोषित किए गए। जबकि 1 लाख 50 हज़ार 874 वोट वैलिड घोषित किए गए। दूसरी पसंद के एलिमिनेशन राउंड में भी कोई उम्मीदवार तय कोटा पूरा नहीं कर सका। इसलिए, पहली और दूसरी पसंद के एलिमिनेशन राउंड को मिलाकर सबसे ज़्यादा 67 हज़ार 231 वोट पाने वाले अभिजीत वंजारी को विजेता घोषित किया गया। कोहले को 63,960 वोट मिले।

इंडियन नेशनल कांग्रेस के उम्मीदवार अभिजीत वंजारी ने नागपुर डिवीज़न विधानपरिषद ग्रेजुएट चुनाव जीता। उन्हें कुल 67 हज़ार 231 पहली और दूसरी पसंद के वोट मिले। जबकि उनके सबसे करीबी विरोधी भारतीय जनता पार्टी के सुधाकर कोहले को 63 हज़ार 960 वोट मिले। 

ये भी पढ़ें:
NCP अजित पवार गुट में बड़ा फेरबदल, जीशान सिद्दीकी बने मुंबई अध्यक्ष, उमेश पाटिल को बनाया राष्ट्रीय प्रवक्ता

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।