मुंबई: महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों पर काउंटिंग जारी है। सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी महाविकास आघाड़ी के बीच मुकाबला दिलचस्प हो गया है। पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी ने खाता खोल लिया है। इस सीट से बीजेपी के कौस्तुभ गावड़े ने जीत दर्ज की है। कौस्तुभ गावड़े ने 20,118 वोट हासिल किए। कांग्रेस के मौजूदा एमएलसी जयंत आसगांवकर को हार का सामना करना पड़ा।
पहले पांच में से दो सीटें कांग्रेस के पास थीं
पिछले चुनाव में इन पांच सीटों में से दो सीटें कांग्रेस के पास थीं, जबकि पुणे स्नातक सीट शरद पवार की एनसीपी और छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट उस समय अविभाजित एनसीपी के पास थी। अमरावती शिक्षक सीट से निर्दलीय उम्मीदवार किरण सरनाईक निर्वाचित हुए थे, जो बाद में एकनाथ शिंदे की शिवसेना से जुड़ गए।
बीजेपी ने पुणे शिक्षक सीट जीता, नागपुर में बढ़त
ताजा रुझानों के मुताबिक, बीजेपी ने पुणे शिक्षक सीट जीत ली है और नागपुर स्नातक सीट पर उसका उम्मीदवार आगे चल रहा है। अमरावती शिक्षक सीट पर एकनाथ शिंदे की शिवसेना के किरण सरनाईक बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं, पुणे स्नातक और छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीटों पर शरद पवार की एनसीपी के उम्मीदवार आगे हैं।
इस चुनाव में बीजेपी को पुणे शिक्षक सीट पर जीत मिल चुकी है और नागपुर स्नातक सीट पर बढ़त के कारण पार्टी के पास अपना प्रतिनिधित्व बढ़ाने का अवसर है। दूसरी ओर, शरद पवार की एनसीपी छत्रपति संभाजीनगर सीट पर अजित पवार गुट के उम्मीदवार के खिलाफ बढ़त बनाए हुए है। यदि यह बढ़त जीत में बदलती है, तो यह दोनों गुटों के बीच राजनीतिक मुकाबले के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा।
कांग्रेस के लिए चिंता
कांग्रेस के लिए इन रुझानों में चिंता की बात यह है कि उसके मौजूदा प्रतिनिधि पुणे शिक्षक सीट पर हार चुके हैं और नागपुर स्नातक सीट पर पार्टी पिछड़ रही है। हालांकि, सभी सीटों पर अंतिम नतीजे घोषित होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किस पार्टी को कितनी सीटों का वास्तविक फायदा या नुकसान हुआ है।
जिन पांच सीटो पर चुनाव हुए वहां पहले किस पार्टी के एमएलसी थे?
1. पुणे स्नातक : अरुण लाड- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) — NCP (SP)
(अभी एनसीपी शरद पवार हर्षदा देशमुख बढ़त बनाये हुए है )
2. नागपुर स्नातक: अभिजीत वंजारी- भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
(अभी बीजेपी के सुधाकर कोहली बढ़त बनाए हैं )
3. छत्रपति संभाजीनगर स्नातक: सतीश चव्हाण राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट)
( शरद पवार एनसीपी के प्रताप पाटिल अभी लीड बनाये हुए है )
4. अमरावती शिक्षक: किरण सरनाईक निर्दलीय के रूप में निर्वाचित; बाद में शिंदे गुट की शिवसेना से जुड़े
(यही अभी लीड पर है )
5. पुणे शिक्षक: जयंत आसगांवकर- भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
(अभी ये सीट बीजेपी कौस्तुभ गावड़े ने जीत ली है )
ये भी पढ़ें: