रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनका परिवार एक बार फिर चर्चा में है। जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग सेरेमनी के बाद मुकेश अंबानी अपनी पत्नी नीता अंबानी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे। यहां पूरे परिवार ने गणपति बप्पा के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया। कंपनी के लिए इस अहम उपलब्धि के बाद मंदिर पहुंचने के परिवार के इस कदम ने सभी का ध्यान खींचा।
परिवार के साथ बप्पा के दरबार पहुंचे अंबानी
सिद्धिविनायक मंदिर में मुकेश अंबानी के साथ उनकी बेटी ईशा अंबानी भी नजर आईं। वहीं, नीता अंबानी अपने छोटे बेटे अनंत अंबानी के साथ मंदिर पहुंचीं। आकाश अंबानी भी अपनी पत्नी श्लोका मेहता और बच्चों के साथ बप्पा के दर्शन करने पहुंचे। इस दौरान अंबानी परिवार पारंपरिक अंदाज में नजर आया। जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग के बाद परिवार का मंदिर पहुंचना कंपनी के लिए इस महत्वपूर्ण पड़ाव के बीच आस्था और कृतज्ञता का संदेश देता नजर आया।
नीता अंबानी की साड़ी ने खींचा ध्यान
मंदिर दर्शन के दौरान नीता अंबानी अपने सादगी भरे और खूबसूरत अंदाज को लेकर चर्चा में रहीं। उन्होंने आइवरी रंग की साड़ी पहनी थी, जिसके बॉर्डर पर नीले रंग का इस्तेमाल किया गया था। उनके इस लुक की खास बात यह रही कि साड़ी के नीले बॉर्डर को जियो के चर्चित ब्रांड कलर से जोड़कर देखा जा सकता है। हल्के रंग और नीले बॉर्डर का मेल उनके पारंपरिक लुक को आकर्षक बना रहा था। दूसरी ओर ईशा अंबानी लाल रंग के अनारकली सूट में नजर आईं। उनका एथनिक लुक शुभ अवसर के अनुरूप बेहद खूबसूरत लग रहा था। इस दौरान श्लोका अंबानी भी बेटी के साथ नजर आईं, उन्होंने व्हाइट सूट में चार चांद लगाए।
लिस्टिंग सेरेमनी में अनंत अंबानी ने कही बड़ी बात
मंदिर दर्शन से पहले जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग सेरेमनी में अनंत अंबानी ने इस मौके को कृतज्ञता से जुड़ा खास पल बताया था। रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत ने शेयर बाजार में बजने वाली घंटी की तुलना मंदिर की घंटी से की। उन्होंने कारोबार को पूजा की तरह बताते हुए कहा कि उससे मिलने वाले लाभ को साझा करना भी जरूरी है। अनंत ने कहा, 'आज जियो भारत के साथ साझा किया गया है।' उनके इस बयान ने जियो की उपलब्धि को देश के साथ जुड़ी एक बड़ी जिम्मेदारी के रूप में पेश किया।
ईशा अंबानी ने आकाश की मेहनत को सराहा
लिस्टिंग समारोह में ईशा अंबानी ने अपने भाई और रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी की मेहनत की भी तारीफ की। उन्होंने बताया कि जियो के साथ 13 साल के सफर में आकाश ने कंपनी के टेलीकॉम और डिजिटल कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम किया है। ईशा के मुताबिक आकाश अक्सर आधी रात से पहले घर नहीं लौटते थे। अपने भाई के समर्पण पर गर्व जताते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें आकाश की बहन होने पर बेहद गर्व है।