1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Jio Platforms की शेयर बाजार में ऐतिहासिक एंट्री, 21% से ज्यादा उछले शेयर; बनी भारत की दूसरी सबसे बड़ी मूल्यवान कंपनी

Jio Platforms की शेयर बाजार में ऐतिहासिक एंट्री, 21% से ज्यादा उछले शेयर; बनी भारत की दूसरी सबसे बड़ी मूल्यवान कंपनी

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Oct 28, 2026 11:25 am IST,  Updated : Oct 28, 2026 11:26 am IST

जियो प्लेटफॉर्म्स ने शेयर बाजार में कदम रखते ही इतिहास रच दिया है। बुधवार को कंपनी के शेयर 21% से ज्यादा के प्रीमियम पर लिस्ट हुए। इस शानदार शुरुआत के साथ जियो मार्केट कैपिटलाइजेशन के मामले में भारत की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई है।

जियो प्लेटफॉर्म्स की...- India TV Hindi
जियो प्लेटफॉर्म्स की शेयर बाजार में एंट्री Image Source : NSE X ACCOUNT

मुकेश अंबानी की डिजिटल सर्विसेज कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स ने बुधवार को शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की। कंपनी के शेयर लिस्टिंग के साथ ही 21 फीसदी से ज्यादा प्रीमियम पर खुले। इस दमदार एंट्री के साथ जियो मार्केट कैप के लिहाज से भारत की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई है। अब घरेलू शेयर बाजार में जियो से आगे केवल रिलायंस इंडस्ट्रीज है। कंपनी की लिस्टिंग पर निवेशकों की नजरें पहले से टिकी थीं, क्योंकि इसके आईपीओ को रिकॉर्डतोड़ मांग मिली थी।

₹1,119 के मुकाबले ₹1,358 पर लिस्ट हुए शेयर

जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर बीएसई और एनएसई, दोनों पर ₹1,358 के भाव पर लिस्ट हुए। कंपनी का आईपीओ प्राइस ₹1,119 प्रति शेयर था। इस हिसाब से शेयरों की लिस्टिंग 21.36 फीसदी प्रीमियम पर हुई। यानी आईपीओ में शेयर पाने वाले निवेशकों को बाजार में कारोबार शुरू होते ही अच्छा लिस्टिंग गेन मिला। शुरुआती कारोबार के दौरान कंपनी का मार्केट कैप करीब ₹12.50 लाख करोड़ पहुंच गया। बाद में बीएसई पर शेयर ₹1,357.45 और एनएसई पर ₹1,358.10 के आसपास कारोबार कर रहे थे।

देश की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी बनी जियो

लिस्टिंग के बाद जियो प्लेटफॉर्म्स ने मार्केट कैपिटलाइजेशन के मामले में भारती एयरटेल को पीछे छोड़ दिया। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों की लिस्ट में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर है। उसका मार्केट कैप करीब ₹15.89 लाख करोड़ है। वहीं, जियो प्लेटफॉर्म्स का मार्केट कैप लगभग ₹12.50 लाख करोड़ रहा। भारती एयरटेल करीब ₹12.05 लाख करोड़ के मार्केट कैप के साथ तीसरे स्थान पर है। इसके बाद एचडीएफसी बैंक लगभग ₹10.42 लाख करोड़ और आईसीआईसीआई बैंक करीब ₹9.80 लाख करोड़ के साथ शीर्ष पांच कंपनियों में शामिल हैं। बता दें कि रिलायंस इंडस्ट्रीज और जियो प्लेटफॉर्म्स का ज्वाइंट मार्केट कैप करीब ₹28.40 लाख करोड़ हो गया है।

₹30,213 करोड़ के IPO को मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स

जियो प्लेटफॉर्म्स का ₹30,213 करोड़ का आईपीओ निवेशकों के बीच काफी लोकप्रिय रहा। यह पूरी तरह से नए शेयर जारी करने वाला इश्यू था, जिसके तहत कंपनी ने 27 करोड़ शेयर पेश किए थे। इसके लिए प्राइस बैंड ₹1,065 से ₹1,119 प्रति शेयर तय किया गया था। आईपीओ को कुल मिलाकर ऑफर किए गए शेयरों के मुकाबले 22.19 गुना बोलियां मिलीं। पब्लिक इश्यू और एंकर निवेशकों से मिली मांग को मिलाकर कुल बोली राशि ₹7.4 लाख करोड़ से अधिक रही। आवेदन करने वालों की संख्या करीब 1.39 करोड़ तक पहुंच गई।

100 मिनट में पूरा सब्सक्राइब हुआ था IPO

जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 21 अक्टूबर को खुला था और 23 अक्टूबर को बंद हुआ। पहले ही दिन इश्यू खुलने के करीब 100 मिनट के भीतर पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया था। इससे यह भारत के बड़े आईपीओ में सबसे तेजी से सब्सक्राइब होने वाले इश्यू में शामिल हुआ। आईपीओ से पहले कंपनी ने 19 अक्टूबर को 212 एंकर निवेशकों से करीब ₹8,110 करोड़ जुटाए थे। रिलायंस इंडस्ट्रीज की जियो प्लेटफॉर्म्स में 66.4 फीसदी हिस्सेदारी है। अब शेयर बाजार में शानदार शुरुआत के बाद निवेशकों की नजर कंपनी के आगे के प्रदर्शन और शेयर की कीमत में होने वाले उतार-चढ़ाव पर रहेगी।

इनपुट- PTI

यह भी पढ़ें- शेयर बाजार में जियो प्लेटफॉर्म्स की हुई धमाकेदार एंट्री, IPO प्राइस से 21% प्रीमियम पर लिस्ट हुए शेयर; निवेशकों की हुई चांदी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।