A
  1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. इस्लामिक स्टेट के लिए काम कर रहे थे छत्तीसगढ़ के 2 नाबालिग, पाकिस्तान से निकला ये कनेक्शन

इस्लामिक स्टेट के लिए काम कर रहे थे छत्तीसगढ़ के 2 नाबालिग, पाकिस्तान से निकला ये कनेक्शन

छत्तीसगढ़ ATS ने रायपुर में ISIS के लिए काम कर रहे दो नाबालिगों को पकड़ा है, जो पाकिस्तान स्थित मॉड्यूल के इशारे पर फर्जी सोशल मीडिया ID से देशविरोधी और कट्टरपंथी सामग्री फैला रहे थे। इंस्टाग्राम के जरिए उन्हें बरगलाया गया था। ATS ने तकनीकी सबूतों के आधार पर UAPA के तहत कार्रवाई की।

Chhattisgarh ISIS case, Raipur minors ISIS, Pakistan ISIS module- India TV Hindi
Image Source : PTI REPRESENTATIONAL IMAGE ATS की जांच में पता चला है कि दोनों नाबालिग पाकिस्तान स्थित इस्लामिक स्टेट के मॉड्यूल के इशारे पर काम कर रहे थे।

रायपुर: छत्तीसगढ़ में आतंकवाद विरोधी दस्ते ने रायपुर शहर में बड़ी कार्रवाई करते हुए इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया यानी कि ISIS के लिए काम करने के आरोप में दो नाबालिगों को पकड़ा है। ये दोनों नाबालिग पाकिस्तान स्थित इस्लामिक स्टेट के मॉड्यूल के इशारे पर काम कर रहे थे और सोशल मीडिया पर फर्जी ID से देशविरोधी गतिविधियां चला रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि जांच में पता चला है कि पाकिस्तान में बैठा ISIS मॉड्यूल फर्जी और छद्म पहचान वाले सोशल मीडिया अकाउंट चला रहा था। इसका मकसद भारत में अस्थिरता फैलाना और आंतरिक सुरक्षा को नुकसान पहुंचाना था।

'इंस्टाग्राम के जरिए भारतीय युवाओं और किशोरों को बरगलाते थे'

जांच में मालूम चला है कि ये हैंडलर इंस्टाग्राम के जरिए भारतीय युवाओं और किशोरों को बरगलाते थे, भारत-विरोधी गतिविधियों के लिए उकसाते थे तथा उग्र हिंसा, कट्टरपंथ और जिहादी विचारधारा फैलाने का काम कर रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक, पाकिस्तानी हैंडलरों ने इन नाबालिग भारतीय लड़कों को अपने इंस्टाग्राम ग्रुप चैट में जोड़ा और व्यवस्थित तरीके से उन्हें कट्टरपंथी बनाया। फिर इनके जरिए ISIS की विचारधारा और हिंसक भड़काऊ सामग्री फैलाने की कोशिश की जा रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि इन किशोरों को छत्तीसगढ़ में ISIS का मॉड्यूल खड़ा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा था।

साइबर निगरानी की वजह से 2 नाबालिग लड़कों की पहचान हुई

एटीएस और अन्य जांच एजेंसियों की सतर्कता व लगातार साइबर निगरानी की वजह से इन 2 नाबालिग लड़कों की पहचान हुई। तकनीकी सबूतों के आधार पर उनके खिलाफ UAPA की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को कहा, 'रायपुर के 2 नाबालिग ISIS से जुड़े थे तथा वे पाकिस्तानी मॉड्यूल के निर्देश पर काम कर रहे थे। वे सोशल मीडिया पर सक्रिय थे तथा फर्जी आईडी बना रखी थी। वे इससे खुद ही प्रभावित हैं तथा इंस्टाग्राम पर अन्य लोगों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे। वे इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग इसी काम के लिए कर रहे थे।'

'ISIS से जुड़े लोगों की पहचान करके कड़ी कार्रवाई की जाएगी'

शर्मा ने आगे बताया कि जांच में जब स्पष्ट हो गया कि उनकी गतिविधि देश विरोधी है, तब UAPA की धाराओं के तहत उन्हें पकड़ा गया। उन्होंने कहा, 'राज्य में यह इस वर्ष का इस तरह का पहला प्रकरण है। राज्य सरकार हर कोशिश करके ISIS से जुड़े हुए लोगों की पहचान करके उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। ATS टीम को और मजबूत किया जाएगा। खासकर रायपुर और राज्य के बड़े शहरों में ATS को बढ़ाया जाएगा।' उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भी ATS टीम को और विस्तार देने का अनुरोध करेंगे। शर्मा ने आम लोगों से अपील की कि अगर कोई सोशल मीडिया हैंडल देशविरोधी सामग्री फैला रहा हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। (PTI)