1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. बेंगलुरू में राकेश ने क्यों की गौरी की हत्या? चाकू मारकर सूटकेस में कर दिया था बंद

बेंगलुरू में राकेश ने क्यों की गौरी की हत्या? चाकू मारकर सूटकेस में कर दिया था बंद

बेंगलुरू में दिल दहला देने वाली घटना देखने को मिली है। दरअसल यहां एक पति ने अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी और फिर उसके शव को सूटकेस में पैक कर वहां से फरार हो गया।

bengaluru man surrendered before the police After killing his wife and packed her in a suitcase then- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO बेंगलुरू में पति ने की पत्नी की हत्या

कर्नाटक के बेंगलुरू में एक दिल दहला देने वाली घटना देखने को मिली है। दरअसल यहां हुलिमावु इलाके में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या की। इसके बाद उसकी लाश को सूटकेश में भरकर वहां से फरार हो गया। जानकारी के मुताबिक, नौकरी को लेकर दोनों के बीच आपस में बहसबाजी हुई थी, जिसके बाद राकेश ने गौरी की हत्या कर दी। इसके बाद राकेश ने पत्नी के शव को सूटकेस में भरकर बाथरूम में रख दिया और वहां से फरार हो गया। यह घटना 26 मार्च की है। इस घटना को अंजाम देने के आरोपी पुणे पहुंचा और फिर वहां से उसने फोन करके अपने ससुरालवालों को मर्डर की जानकारी दी। 

पुलिस को बाथरूम में मिला सूटकेस

इसके बाद 27 मार्च को जिस मकान में पति-पत्नी रहते थे, उसके मालिक ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया। इसके बाद हुलिमावु पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस राकेश के घर का दरवाजा तोड़कर घर के अंदर घुसी। जैसे ही पुलिस की टीम बाथरूम में पहुंची तो वहां एक बड़ा सूटकेस पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस ने फॉरेंसिक टीम बुलाई और गौरी के शव को सूटकेस से बाहर निकाला। जानकारी के मुताबिक, शव के टुकड़े नहीं किए गए थे। शव पूरी तरह साबुत था। वहीं मृतक महिला के शरीर पर चाकू के तीन वार कि गए थे। इसके बाद आनन-फानन में पुलिस की एक दूसरी टीम ने पति राकेश के फोन को सर्विलांस पर लगाया जो कि लगातार ऑन था।

पत्नी की हत्या के बाद पुलिस के पास पहुंचा पति

जानकारी के मुताबिक, पत्नी का मर्डर करने के बाद राकेश कार लेकर बेंगलुरू से निकल गया। और वो मुंबई होते हुए महाराष्ट्र के शिरवाल पुलिस स्टेशन पहुंचा। वहां जाकर उसने बताया कि उसने अफनी पत्नी का मर्डर किया है और फिर बेहोश होकर गिर गया। इसके बाद पुलिस की टीम उसे सतारा सरकारी अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि राकेश ने जहर खा लिया है। इसके बाद राकेश को पुणे के ससून अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। इस मामले में अबतक पुलिस की जांच में पता चला है कि राकेश और गौरी की 2 साल पहले अरेंज मैरेज हुई थी, जो कि महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। 

राकेश ने क्यों की गौरी की हत्या?

जानकारी के मुताबिक, वो पहले मंबई में रहते थे और तकरीबन डेढ़ महीने पहले ही दोनों बेंगलुरू आए थे। गौरी पहले एक प्राइवेट कंपनी में काम कर रही थी। इसके बाद उसने नौकरी छोड़ दी और दूसरी नौकरी ढूंढ रही थी। इसी बात को लेकर राकेश और गौरी में बहस होती रहती थी। 26 मार्च को डिनर करते समय भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद राकेश ने कथित तौर पर गौरी पर हाथ चला दिया, जिससे नाराज गौरी ने डाइनिंग टेबल पर रखे किचन नाइफ को राकेश की ओर पेंक दिया। चाकू राकेश के हाथ पर लगा और उसका हाथ कटने से खून निकलने लगा। इस बात से गुस्साए राकेश ने गौरी के शरीर में तीन बार चाकू घोंप दिया, जिस कारण गौरी की मौके पर ही मौत हो गई। 

Latest Crime News