उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां सदर कोतवाली क्षेत्र के नासेपीर मुहल्ले में एक शिक्षक ने अपनी टीचर पत्नी के सिर पर वार किया, फिर पानी के टब में डुबोकर मार डाला। हत्या करने के बाद पुलिस से बचने के लिए उसने एक नई कहानी गढ़ ली। जब पुलिस आई तो उसने बता कि उसकी पत्नी सीढ़ियों से गिरकर पानी भरे टब में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। लेकिन पुलिस को शक हुआ, जब तफ्तीश की तो पता चला कि महिला टीचर की हत्या उसके टीचर पति ने ही की है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद पुलिस कोई एक्शन लेगी।
जांच में पुलिस ने पाया कि महिला के सिर पर कई गहरे घाव के निशान थे, किसी भारी चीज से उसके सिर पर वार किया गया था। खून से सने कपड़े ने हत्या का पर्दाफाश कर दिया है। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक शिक्षिका की मां ने कहा कि मेरे राक्षस दामाद ने ही मेरी बेटी को मार डाला है।
पति ने पुलिस को सुनाई झूठी कहानी
जानकारी के मुताबिक नासेपीर मुहल्ले में पिछले छह महीने से किराए पर रह रहे 30 वर्षीय दिलीप यादव पेशे से सरकारी शिक्षक हैं। उनकी पत्नी 28 वर्षीय शालिनी यादव प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती थीं। दोनों की शादी 2018 में हुई थी और उनका आठ साल का एक बेटा है। शनिवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि शालिनी की मौत हो गई है। पति दिलीप ने पुलिस को बताया कि वह सुबह साढ़े पांच बजे टहलने गया था, जब साढ़े छह बजे लौटा तो पत्नी पानी के टब में मुंह के बल गिरी पड़ी थी। वह उसे तुरंत अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हत्या के सबूत मिले, शव का पोस्टमार्टम कराया गया
घटना की जानकारी के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो घटनास्थल का मुआयना करने पर मृतका के सिर और पैर में चोट के गहरे निशान मिले, जो पानी में डूबने से मौत की थ्योरी पर सवाल खड़े कर रहे थे। सूचना पर सीओ सिटी प्रमोद कुमार शुक्ला और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए गए। सीओ प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।
(फतेहपुर से उमेश चंद्रा की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें:
पुणे में लव ट्रायंगल का खौफनाक अंत, सिरफिरे आशिक ने गर्लफ्रेंड को पीटा, प्रेमी को मार डाला
Latest Crime News