1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. अफेयर के शक में पति ने की पत्नी की हत्या, तड़पते हुए आखिरी पलों को कैमरे में भी किया कैद

अफेयर के शक में पति ने की पत्नी की हत्या, तड़पते हुए आखिरी पलों को कैमरे में भी किया कैद

 Reported By: T Raghavan Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Jul 29, 2026 10:17 am IST,  Updated : Jul 29, 2026 10:17 am IST

कर्नाटक के बागलकोट में 29 साल के एक शख्स को अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पति पर आरोप है कि उसने अफेयर के शक में पत्नी की हत्या कर दी।

Karnataka- India TV Hindi
अफेयर के शक में पति ने की पत्नी की हत्या Image Source : REPORTER INPUT

बागलकोट: कर्नाटक के बागलकोट से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति को अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि पति ने पत्नी के तड़पते हुए आखिरी पलों का वीडियो भी बनाया।

क्या है पूरा मामला?

अपनी पत्नी पर एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर का शक होने पर उसकी हत्या करने के आरोप में 29 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। जांचकर्ताओं का आरोप है कि उसने पत्नी को बचाने की कोशिश करने के बजाय उसके आखिरी तड़पते हुए पलों का वीडियो रिकॉर्ड किया।

मृतक महिला की पहचान भाग्यश्री जिगलूर के तौर पर हुई है। सोमवार शाम को बागलकोट ज़िले के बिलागी तालुक के गलागली गांव में स्थित घर में उसका शव मिला। पुलिस ने उसके पिता की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज करने के बाद उसके पति प्रवीण अशोक जिगलूर को गिरफ़्तार कर लिया।

जांचकर्ताओं के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर तब वीडियो बनाया जब महिला फंदे से लटकी हुई थी और संघर्ष कर रही थी। इसके बाद उसने यह फुटेज महिला के पिता, रिश्तेदारों और दोस्तों को भेज दिया।

पुलिस ने वीडियो ज़ब्त कर लिए हैं और उनकी जांच कर रही है।

महिला के शरीर पर चोट के निशान

हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि घटनाक्रम का सही ब्योरा अभी पता नहीं चल पाया है। महिला के शरीर पर चोट के निशान और खून के धब्बे मिले हैं, जिससे जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या उसे फांसी पर लटकाने से पहले पीटा गया था या चोटें किसी और वजह से लगी थीं। घटनास्थल से लोहे की रॉड जैसी चीज बरामद हुई है और उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

पुलिस ने बताया कि दंपति की शादी 2020 में हुई थी और वे करीब चार साल से साथ रह रहे थे। उनका तीन साल का बेटा है। शुरुआती जांच से पता चलता है कि आरोपी, जो ड्राइवर का काम करता था और अक्सर घर से बाहर रहता था, को ये पता चल गया था कि उसकी पत्नी का उस इलाके के एक व्यक्ति के साथ अफेयर है जहां उसके माता-पिता रहते हैं। पुलिस ने कहा कि कथित अफेयर दंपति के बीच झगड़े की वजह बन गया था।

खबरों के मुताबिक, घटना से पहले भाग्यश्री करीब छह हफ्ते से अपने मायके में रह रही थी। जांचकर्ता उसकी उन शिकायतों की भी जांच कर रहे हैं जिनमें कहा गया था कि उसका पति उसकी ठीक से देखभाल नहीं कर रहा था।

बागलकोट के पुलिस अधीक्षक ने क्या कहा?

बागलकोट के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ गोयल के अनुसार, आरोपी सोमवार को अपने ससुराल गया और ससुराल वालों को समझाकर अपनी पत्नी को घर ले आया, अपने घर आने के कुछ देर बाद भाग्यश्री फंदे से लटकी हुई मिली, घटना के समय घर मे उन दोनों के अलावा और कोई नहीं था।

जांचकर्ताओं को घर से बीयर की बोतलें मिली हैं और वे इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या महिला को शराब पिलाई गई थी।  उसके पेट में मौजूद चीज़ों के सैंपल सुरक्षित रख लिए गए हैं और उन्हें फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजा गया है। वहीं, पोस्टमार्टम से गर्दन पर लगी चोटों की प्रकृति और किसी नशीले पदार्थ के इस्तेमाल का पता चलने की उम्मीद है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी अपनी पत्नी से गहरी नाराजगी रखता था और उसे बचाने की कोशिश करने के बजाय, उसने कथित तौर पर घटना का वीडियो बनाया और तुरंत उसे फैला दिया, आगे की जांच चल रही है।

इससे पहले अफेयर के शक में शख्स ने पार्टनर की गला घोंटकर हत्या की थी। कार में उसका शव मिला था। 

ये भी पढ़ें- 

पत्नी से थे अवैध संबंध इसलिए नौकर ने की मालिक की हत्या, 50 हजार देकर उसकी गर्लफ्रेंड और भाई को प्लान में किया शामिल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।