A
  1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. 'क्राइम शो' देखकर BSF जवान ने खिलौना पिस्तौल से की ऐसी हरकत, पुलिस ने उगलवाया राज तो सभी रह गए दंग

'क्राइम शो' देखकर BSF जवान ने खिलौना पिस्तौल से की ऐसी हरकत, पुलिस ने उगलवाया राज तो सभी रह गए दंग

दिल्ली में एक अनोखी चोरी का खुलासा हुआ, जहां आरोपी बीएसएफ कर्मी ने क्राइम शो देखकर वारदात को अंजाम दिया। बीएसएफ कर्मी को जुए की लत लग गई थी, वह काफी नुकसान उठा चुका था और क्राइम शो देखने के बाद उसने लूट की योजना बनाई।

delhi crime news- India TV Hindi
Image Source : PIXABAY प्रतीकात्मक तस्वीर

नई दिल्ली: आज के सोशल मीडिया और AI के युग में जहां हर कोई कुछ-न-कुछ सीख रहा है तो वहीं चोर भी गलत काम के लिए इसका फायदा उठाने लगे हैं। ऐसा ही एक मामला देश की राजधानी दिल्ली में देखने को मिला है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान ने एक खिलौना पिस्तौल के बल पर दिनदहाड़े दिल्ली में एक आभूषण की दुकान में लूटपाट को अंजाम दिया। ऑनलाइन जुए में रकम गंवाने के बाद मोबाइल पर 'क्राइम शो' से सीखकर यह अपराध करने वाले बीएसएफ कर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

घटना से एक दिन पहले छुट्टी लेकर आया था दिल्ली

आरोपी की पहचान 22 वर्षीय गौरव यादव के रूप में हुई है, उसने 2023 में बीएसएफ में भर्ती होने के बाद मई 2025 में ट्रेनिंग पूरा कर ली थी। डिप्टी पुलिस कमिश्नर (शाहदरा) प्रशांत गौतम ने एक बयान में कहा, “गौरव यादव पंजाब के फाजिल्का में बीएसएफ में तैनात था। घटना से एक दिन पहले, 18 जून को, वह छुट्टी लेकर दिल्ली आया और ट्रेन बदलने का इंतजार करते हुए लूट की योजना बनाई।”

खिलौना पिस्तौल लहराते हुए दुकान में घुसा

घटना 19 जून को फर्श बाजार इलाके में स्थित एक आभूषण की दुकान में हुई, जब एक युवक पिस्तौल जैसी दिखने वाली कोई चीज लहराते हुए दुकान में घुसा और सोने के चार कंगन चुराकर भाग गया। डीसीपी ने बताया कि फर्श बाजार थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) (लूट) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने तकनीकी निगरानी की, कई सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और इंटरनेट प्रोटोकॉल डिटेल रिकॉर्ड (आईपीडीआर) डेटा का विश्लेषण किया।

पुलिस ने ऐसे धर दबोचा

डीसीपी ने कहा, “लगातार प्रयासों और विस्तृत विश्लेषण के बाद, आरोपी की पहचान पंजाब के फाजिल्का में तैनात बीएसएफ कांस्टेबल के रूप में हुई। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में स्थित उसके पैतृक गांव में छापेमारी की गई, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपराध कबूल कर लिया।”

जुए की लत के बाद बनाया लूट का प्लान

पुलिस के अनुसार, यादव को जुए की लत लग गई थी, वह काफी नुकसान उठा चुका था और अपराध पर आधारित शो देखने के बाद उसने लूट की योजना बनाई। डीसीपी ने कहा, “उसने एक स्थानीय दुकान से खिलौना पिस्तौल खरीदी और उसका इस्तेमाल लूट को अंजाम देने के लिए किया। बाद में वह मेरठ, फिर लखनऊ गया और अंत में शिवपुरी में स्थित अपने घर पहुंचा, जहां उसने चोरी के दो कंगन बेचे और एक बैंक खाते में दो लाख रुपये जमा कर दिए।” पुलिस ने उसके घर से सोने के दो कंगन बरामद किए और उस खाते की पहचान की जिसमें दो लाख रुपये जमा किए गए थे। पुलिस ने बताया कि गौरव का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। मामले की जांच जारी है। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

पुणे की महिला ने लगाया था फ्लैट में घुसकर रेप का आरोप, झूठा निकला मामला, पुलिस ने दर्ज किया केस

नालासोपारा में 'दृश्यम' जैसा कांड, घर में पति की लाश दफनाकर लगवा दी टाइल्स, पत्नी की यूं खुली पत्नी की पोल

Latest Crime News