1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. तीन दिनों से बंद दुकान से मिली युवती की लाश, 8 साल से साथ रह रहा पार्टनर फरार

तीन दिनों से बंद दुकान से मिली युवती की लाश, 8 साल से साथ रह रहा पार्टनर फरार

गोरखपुर में एक फ्लैक्स प्रिंटिंग की दुकान के अंदर से एक युवती की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। शव मिलने के बाद से ही युवती का लिव-इन पार्टनर फरार है।

गंगोत्री यादव की मिली लाश- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT गंगोत्री यादव की मिली लाश

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र में तीन दिनों से बंद पड़ी एक दुकान के अंदर से 25 वर्षीय युवती का शव बरामद हुआ है। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना जिला पंचायत रोड स्थित महाराणा प्रताप बिल्डिंग की है। 

स्थानीय दुकानदारों को पिछले कुछ समय से 'यश फ्लैक्स' नाम की दुकान से तेज दुर्गंध आ रही थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दुकान का शटर खुलवाया, तो अंदर 25 वर्षीय युवती का शव मिला। मृतका की पहचान कुमारी गंगोत्री यादव के रूप में हुई है, जो महराजगंज जिले की रहने वाली थी और गोलघर स्थित "यश फ्लैक्स" नाम की दुकान चलाती थी।

मृतका से नहीं हो रहा था संपर्क

परिजनों के मुताबिक, गंगोत्री पिछले करीब 8 वर्षों से अनिल गुप्ता नाम के युवक के साथ रह रही थी। बीते तीन दिनों से उनका मोबाइल फोन बंद आ रहा था। संपर्क नहीं होने पर परिजनों को कुछ अनहोनी की आशंका हुई, तो वह सीधे गोरखपुर पहुंचे और तलाश के बाद दुकान पर पहुंचे, जहां से दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी गई।

तीन दिनों से बंद थी दुकान 

घटना के बाद से अनिल गुप्ता फरार है और उसका मोबाइल भी बंद है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि दुकान पिछले तीन दिनों से बंद थी और किसी को अंदर की जानकारी नहीं थी। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

(रिपोर्ट- राजेंद्र श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें-

'कहता था जाओ हिंदू लड़कियों से शादी करो', ​नासिक IT कंपनी ‘कॉर्पोरेट जिहाद’ मामले में सात गिरफ्तार

महिला आरक्षणः हर स्टेट से 50 परसेंट सीटों में बढ़ोतरी, किसी राज्य के साथ नहीं होगा अन्याय

Latest Crime News