डंडों के वार से बचने के लिए मंदिर से गुरुद्वारे तक बुजुर्ग भागता रहा लेकिन सिर पर सवार गुस्से ने आखिरकार उसकी जान ले ली। इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय मंदिर सेवादार कैलाश मोदी की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि मंदिर परिसर में शराब पीने से रोकने पर चौकीदार मुकेश शर्मा ने कैलाश मोदी पर ताबड़तोड़ 31 डंडे बरसाए और उन्हें मौत के घाट उतार दिया। हैरानी की बात यह है कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
घटना इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र की हैं, जहां एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। 70 वर्षीय कैलाश मोदी लंबे समय से मंदिर में सेवा कार्य कर रहे थे। परिजनों के मुताबिक मंदिर में चौकीदार के रूप में काम करने वाला मुकेश शर्मा अक्सर मंदिर परिसर में शराब पीता था। कैलाश मोदी लगातार इसका विरोध करते थे और कई बार उसे समझाइश भी दे चुके थे। बताया जा रहा है कि आज सुबह भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने डंडा उठाकर बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
31 वार और थम गई सांसें
मंगलवार सुबह करीब 5 बजे मुकेश एक बार फिर नशे की हालत में मंदिर पहुंचा। जब कैलाश मोदी ने उसे मंदिर की मर्यादा का हवाला देते हुए शराब पीने से मना किया तो वह गुस्से से बेकाबू हो गया। उसने पास पड़ा भारी डंडा उठाया और बुजुर्ग ट्रस्टी पर हमला कर दिया। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार आरोपी ने कैलाश मोदी पर 31 बार डंडे से वार किए। हमले से बचने के लिए कैलाश मोदी मंदिर से निकलकर पास के गुरुद्वारे की ओर भागे, लेकिन आरोपी ने उनका पीछा नहीं छोड़ा और लगातार हमला करता रहा। गंभीर रूप से घायल कैलाश मोदी को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन अत्यधिक चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई।
CCTV फुटेज में दिखा पूरा क्रूर हमला-
लंबे समय से मंदिर की देखरेख कर रहे थे कैलाश मोदी
घटना की सूचना मिलते ही अन्नपूर्णा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मुकेश शर्मा को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार कैलाश मोदी लंबे समय से मंदिर की देखरेख और संचालन का कार्य कर रहे थे। वहीं, आरोपी मुकेश शर्मा शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे की हालत में मंदिर परिसर में हंगामा करता था। ट्रस्टी उसे कई बार समझा चुके थे लेकिन उसकी आदतों में कोई सुधार नहीं आया।
परिजनों ने क्या कहा?
परिजनों का कहना है कि कैलाश मोदी पूरी तरह धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और मंदिर की सेवा को ही अपना जीवन मानते थे। वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मंदिर परिसर में शराब पीने को लेकर विवाद सामने आया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
मंदिर की पवित्रता बचाने में गई जान
मंदिर की पवित्रता बनाए रखने की कोशिश करने वाले एक बुजुर्ग की जान चली गई और गुस्से में अंधे आरोपी ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। फिलहाल आरोपी सलाखों के पीछे है और पुलिस मामले की हर कड़ी की जांच में जुटी हुई है।
(रिपोर्ट- भारत पाटिल)
यह भी पढ़ें-
सीक्रेट शादी, जहर पीने का समझौता और फिर हत्या; 22 साल की भवानी की दर्दनाक मौत, BF ने रचा सुसाइड का ढोंग
'तुझे मारकर तेरी पत्नी को साथ रखूंगा', Wife को विदा करने गया पति हुआ किडनैप, बदमाशों ने बुरी तरह पीटा; Video
Latest Crime News