1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. बॉयफ्रेंड ने सुपारी किलर के साथ मिलकर घोंटा गर्लफ्रेंड का गला, पत्थर की खदान फेंक दिया शव

बॉयफ्रेंड ने सुपारी किलर के साथ मिलकर घोंटा गर्लफ्रेंड का गला, पत्थर की खदान फेंक दिया शव

झारखंड में बिहार की रहने वाली युवती दिव्या कुमारी को उसके बॉयफ्रेंड ने सुपारी किलर के साथ मिलकर कथित रूप से मौत के घाट उतार दिया। बॉयफ्रेंड ने 2 लाख रुपये में सुपारी किलर को हायर किया था।

झारखंड के चतरा में...- India TV Hindi
Image Source : PEXELS (प्रतीकात्मक फोटो) झारखंड के चतरा में बिहार की युवती की उसके बॉयफ्रेंड ने हत्या की।

झारखंड के चतरा जिले में बिहार की 22 साल की एक लड़की की उसके बॉयफ्रेंड ने सुपारी किलर के साथ मिलकर गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, दिव्या कुमारी गया के अच्छामा गांव की रहने वाली थी। दिव्या का शव बीते 26 जून को हंटरगंज पुलिस थाना इलाके के जाजलो गांव में एक पत्थर की खदान में पड़ा मिला था।

पुलिस ने सुपारी किलर को पकड़ा

चतरा के SDPO सनी वर्धन ने बताया, "हमने एक आरोपी नेपाली गंझू को अरेस्ट किया है, जो बिहार के गया के खरंती गांव का निवासी है। दिव्या कुमारी के बॉयफ्रेंड ने कथित रूप से उसे 2 लाख रुपये में दिव्या का मर्डर करने के लिए हायर किया था। हालांकि, अभी दूसरा आरोपी राहुल यादव फरार है।"

दिव्या पर केस वापस लेने का बना रहा था दबाव

SDPO सनी वर्धन ने बताया कि पड़ताल में यह बात सामने आई है कि दिव्या कुमारी ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ विवाद के बाद उसके विरुद्ध आपराधिक मुकदमा दर्ज कराया था। वह दिव्या कुमारी पर अपने खिलाफ दर्ज केस वापस लेने का लगातार प्रेशर बना रहा था, लेकिन उसने मना कर दिया।

BF को था कोर्ट में दिव्या की गवाही का डर

दरअसल, बॉयफ्रेंड को डर था कि अगर वह कोर्ट में उसके विरुद्ध गवाही देगी, तो उसको सजा हो सकती है। इसी डर से उसने दिव्या कुमारी को खत्म करने की साजिश रची और नेपाली गंझू को 2 लाख रुपये में हायर किया था। SDPO सनी वर्धन के मुताबिक, आरोपी राहुल यादव ने नेपाली गंझू को एडवांस के रूप में 25 हजार रुपये दिए गए थे।

प्लानिंग करके BF ने की दिव्या की हत्या

हत्या वाले दिन, पहले से की गई प्लानिंग के मुताबिक, दिव्या को घटनास्थल पर बुलाया गया था। फिर राहुल यादव ने नेपाली गंझू की मदद से दिव्या का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद, दोनों ने दिव्या के शव को खदान में फेंक दिया था। झारखंड पुलिस ने नेपाली गंझू से 18 हजार रुपये बरामद किए हैं और FIR दर्ज कर ली गई है। हाल में झारखंड के रांची से ऐसी ही हत्या की घटना सामने आई थी, जब पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी थी।

ये भी पढ़ें- 3 साल की मासूम से हैवानियत, आरोपी को बचाने के लिए पंचायत ने 1 लाख में किया सौदा, मिले पैसों से की दारू-चिकन पार्टी

Latest Crime News