झारखंड के गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक 3 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना से भी ज्यादा हैरान करने वाली बात यह रही कि मामले को दबाने और आरोपी को बचाने के लिए गांव की पंचायत ने उस पर जुर्माना ठोक दिया और जुर्माने की रकम से शराब-मुर्गा पार्टी भी कर डाली। हालांकि, वक्त रहते पुलिस ने गांव पहुंचकर आरोपी को धर दबोचा।
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता की मां के अनुसार, आरोपी सुनील लोहरा उनके घर आया और बच्ची को खिलाने के बहाने अपने साथ कमरे में ले गया, जहां उसने इस घिनौने अपराध को अंजाम दिया। जब बच्ची के रोने की आवाज सुनकर मां वहां पहुंची, तो मासूम खून से लथपथ हालत में मिली।
पंचायत का शर्मनाक चेहरा
घटना के बाद पंचायत के कुछ सदस्यों ने मामले को रफा-दफा करने की योजना बनाई। पहले बच्ची को गुपचुप तरीके से एक निजी डॉक्टर के पास ले जाया गया। इसके बाद रविवार को पंचायत बुलाई गई, जहां आरोपी पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। आरोपी से तुरंत 20 हजार रुपये वसूल लिए गए और बाकी के 30 हजार रुपये एक हफ्ते के भीतर देने को कहा गया। शर्म की बात यह रही कि पंचायत के सदस्य इसी वसूली के पैसों से गांव में मांस और शराब की पार्टी मना रहे थे।
जुर्माने के पैसों से चल रही थी पार्टी, तभी पहुंची पुलिस
इस बीच, एक ग्रामीण ने चुपके से पुलिस को घटना की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही घाघरा थाना पुलिस बल के साथ गांव पहुंची। जिस समय पुलिस गांव पहुंची, उस वक्त वहां जुर्माने के पैसों से पार्टी चल रही थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी सुनील लोहरा को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया और पीड़िता की मां के बयान पर केस दर्ज कर लिया है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सुरेश प्रसाद यादव ने बताया, "3 साल की मासूम के साथ बेहद अमानवीय और घिनौनी घटना हुई है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इसके अलावा, जिन ग्रामीणों और पंचायत सदस्यों ने आरोपी को बचाने और मामले को दबाने के लिए पंचायती की थी, प्रशासन उनके खिलाफ भी बेहद गंभीर है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और घटना को दबाने की कोशिश करने वाले हर एक व्यक्ति के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाई जा सके।"
(रिपोर्ट- मुकेश कुमार)
ये भी पढ़ें-
दिल्ली में नहीं , UP-बिहार समेत 22 राज्यों में झमाझम बारिश की चेतावनी; पढ़ें मौसम अपडेट्स