1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. CNG की कीमतों में 3.25 रुपये तक की बढ़ोतरी, लखनऊ और आगरा में 107 रुपये प्रति किलो तक पहुंचा रेट

CNG की कीमतों में 3.25 रुपये तक की बढ़ोतरी, लखनऊ और आगरा में 107 रुपये प्रति किलो तक पहुंचा रेट

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 04, 2026 10:42 am IST,  Updated : Oct 04, 2026 10:42 am IST

ग्रीन गैस लिमिटेड ने इनपुट गैस की ज्यादा लागत, स्पॉट एलएनजी की बढ़ती कीमतों और करेंसी एक्सचेंज रेट में उतार-चढ़ाव का हवाला देते हुए सीएनजी की खुदरा कीमतों में ये ताजा बढ़ोतरी की है।

cng, cng price, cng price hike, green gas limited, cng price in lucknow- India TV Hindi
यूपी में महंगी हुई सीएनजी Image Source : GREEN GAS LIMITED

गाड़ियों में इस्तेमाल होने वाली CNG की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। ग्रीन गैस लिमिटेड ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों में सीएनजी की कीमतों में 2 रुपये से लेकर 3.25 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी। बताते चलें कि ग्रीन गैस लिमिटेड, देश की दो प्रमुख सरकारी कंपनियों- इंडियन ऑयल और गेल की जॉइंट वेंचर है। ग्रीन गैस लिमिटेड उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ, आगरा, उन्नाव, अयोध्या और सुल्तानपुर में सीएनजी सप्लाई करती है।

ग्रीन गैस लिमिटेड ने क्यों बढ़ाए CNG के दाम

टीओआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रीन गैस लिमिटेड ने इनपुट गैस की ज्यादा लागत, स्पॉट एलएनजी की बढ़ती कीमतों और करेंसी एक्सचेंज रेट में उतार-चढ़ाव का हवाला देते हुए सीएनजी की खुदरा कीमतों में ये ताजा बढ़ोतरी की है। ग्रीन गैस द्वारा सीएनजी के दाम बढ़ाए जाने के बाद यूपी के अलग-अलग शहरों में 3 और 4 अक्टूबर को नई कीमतें लागू कर दी गई हैं। कंपनी के इस फैसले से लखनऊ, आगरा, उन्नाव, अयोध्या और सुल्तानपुर के लाखों उपभोक्ता प्रभावित होंगे।

लखनऊ, उन्नाव और आगरा में 2 रुपये महंगी हुई सीएनजी

ग्रीन गैस ने लखनऊ, उन्नाव और आगरा में CNG की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है। इस बढ़ोतरी के बाद लखनऊ में सीएनजी का दाम 105 रुपये से बढ़कर 107 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है। जबकि, उन्नाव में सीएनजी की कीमतें 101.75 रुपये से बढ़कर 103.75 रुपये प्रति किलो हो गई है। लखनऊ और उन्नाव में 3 अक्टूबर को ही नई कीमतें लागू कर दी गई थीं। इनके अलावा, आगरा में एक किलो सीएनजी की कीमत 105 रुपये से बढ़कर 107 रुपये हो गई है। आगरा में सीएनजी की नई कीमतें 4 अक्टूबर से लागू हुई हैं।

अयोध्या और सुल्तानपुर में सीएनजी की कीमतों में 3.25 रुपये की बढ़ोतरी

कंपनी ने अयोध्या और सुल्तानपुर में सीएनजी की कीमतों में सबसे ज्यादा 3.25 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है। इस बढ़ोतरी के बाद अयोध्या और सुल्तानपुर में एक किलो सीएनजी की कीमत 101.75 रुपये से बढ़कर 105 रुपये हो गई हैं। इस नई बढ़ोतरी से से चलने वाली तमाम प्राइवेट गाड़ियों, टैक्सी, ऑटो-रिक्शा और कमर्शियल ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों का खर्च बढ़ जाएगा।

ये भी पढ़ें

अमेरिकी कंपनियों के टॉप अधिकारियों के साथ पीयूष गोयल की बैठक, भारत में निवेश के मौकों पर हुई चर्चा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।