1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. 734 करोड़ रुपये के घोटाले का मामला, जमशेदपुर के कारोबारी ज्ञानचंद जायसवाल बेटे समेत गिरफ्तार

734 करोड़ रुपये के घोटाले का मामला, जमशेदपुर के कारोबारी ज्ञानचंद जायसवाल बेटे समेत गिरफ्तार

 Written By: Subhash Kumar
 Published : Oct 01, 2026 10:39 am IST,  Updated : Oct 01, 2026 10:56 am IST

734 करोड़ के फर्जी जीएसटी आईटीसी घोटाले में ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। ED ने जमशेदपुर, कोलकाता और देवघर में छापेमारी की है और कारोबारी ज्ञानचंद जायसवाल को बेटे समेत गिरफ्तार कर लिया है।

Jamshedpur gst scam case businessman Gyanchand Jaiswal- India TV Hindi
कारोबारी ज्ञानचंद जायसवाल और उनका बेटा गिरफ्तार। Image Source : REPORTER

जमशेदपुर। झारखंड में सामने आए 734 करोड़ रुपये के कथित फर्जी जीएसटी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) घोटाले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), रांची की टीम ने बुधवार को जमशेदपुर, कोलकाता और देवघर में एक साथ छापेमारी की। देर रात ईडी ने जमशेदपुर के स्क्रैप कारोबारी ज्ञानचंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल और उनके बेटे राज जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों का एमजीएम अस्पताल में मेडिकल कराया गया, जिसके बाद ईडी की टीम उन्हें अपने साथ रांची ले गई।

तीन ठिकानों पर चला तलाशी अभियान 

ईडी की कार्रवाई के तहत जमशेदपुर के बिष्टुपुर क्षेत्र में कारोबारी से जुड़े तीन ठिकानों पर सुबह से ही तलाशी अभियान चलाया गया। होटल सोनेट के सामने स्थित ज्योति अपार्टमेंट में ज्ञानचंद जायसवाल के आवास-सह-कार्यालय की तलाशी ली गई। इसके अलावा केएन रोड स्थित बीएस टावर के ग्राउंड फ्लोर पर कारोबारी के फ्लैट और उनके अकाउंटेंट संजय पारेख के ठिकाने पर भी ईडी की टीम पहुंची।

छापेमारी में ईडी के करीब 50 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। सुरक्षा के लिए सभी ठिकानों पर सीआरपीएफ के जवानों को तैनात किया गया था। टीम ने दस्तावेजों, कारोबारी लेन-देन और अन्य रिकॉर्ड की सघन जांच की तथा संबंधित लोगों से पूछताछ भी की। इसी मामले में कोलकाता के दो ठिकानों पर भी ईडी ने कार्रवाई की।

कारोबारी और बेटा गिरफ्तार

देर रात ज्ञानचंद जायसवाल और उनके बेटे राज जायसवाल को गिरफ्तार करने के बाद ईडी की टीम दोनों को मेडिकल जांच के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंची। अस्पताल में पिता-पुत्र ने हंगामा करते हुए खुद को फंसाए जाने का आरोप लगाया। ज्ञानचंद जायसवाल ने कहा कि उनका ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ है और उन्हें दवा नहीं दी जा रही है। हालांकि, ईडी की ओर से गिरफ्तारी और जांच को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। आपको बता दें कि इससे पहले ED ने जुलाई महीने में भी अवैध कोयला खनन मामले में ED ने धनबाद के 31 ठिकानों पर छापेमारी की थी।

क्यों की गई कार्रवाई?

बताया जा रहा है कि जमशेदपुर में हुई यह कार्रवाई झारखंड में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर फर्जी कंपनियों और बिलों के जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट लेने से जुड़े 734 करोड़ रुपये के मामले की जांच के तहत की गई है। ईडी अब गिरफ्तार पिता-पुत्र से पूछताछ कर मामले में वित्तीय लेन-देन और अन्य संभावित कड़ियों की जांच करेगी। (रिपोर्ट: गंगाधर पांडे)

ये भी पढ़ें- मामा की जमीन हथियाना चाहता था भांजा, रच डाली खतरनाक साजिश, लेकिन खुद ही फंस गया

72 लॉकर काटकर करोड़ों की चोरी करने वाला कुख्यात हसन चिकना गिरफ्तार, कई राज्यों में फैला है गिरोह का नेटवर्क

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।