एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट इवेंट के सेमीफाइनल में भारत और श्रीलंका की टीमें आमने सामने हैं। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 169 रन बनाए हैं। यानी अब श्रीलंका को अगर ये मैच जीतना है तो 170 रन बनाने होंगे। टीम इंडिया के लिए ईशान किशन ने 46 बॉल पर 80 रनों की शानदार पारी खेली। जो भी टीम आज का मैच जीतेगी, फाइनल में जाएगी। जहां गोल्ड मेडल के लिए उसका मैच पाकिस्तान से होगा।
भारतीय टीम की शुरुआत नहीं रही अच्छी
भारतीय टीम जब बल्लेबाजी के लिए उतरी तो वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा पारी का आगाज करने के लिए आए। अभिषेक शर्मा जल्दी आउट हो गए। वे तीन बॉल पर केवल सात ही रन बना सके। इसके बाद तीसरे नंबर पर आए संजू सैमसन भी 9 बॉल पर सात रन बनाकर आउट हो गए। इससे टीम टेंशन में नजर आई। हालांकि एक छोर पर वैभव अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन वे भी ज्यादा देर नहीं टिक पाए। उन्होंने 21 बॉल पर 38 रनों की पारी खेली।
कप्तान श्रेयस अय्यर से फिर नहीं बने रन
कप्तान श्रेयस फिर से फ्लॉप रहे। वे 13 बॉल पर 13 ही रन बनाकर आउट हो गए। वो तो ईशान किशन ने एक अच्छी पारी खेली, जिसकी बदौलत टीम इतना बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब रही। ईशान ने 46 बॉल पर 80 रनों की नाबाद पारी खेली। अक्षर पटेल ने आठ और तिलक वर्मा केवल दो ही रन बनाकर आउट हो गए।
श्रेयस अय्यर के लिए बतौर कप्तान खुद को साबित करने की चुनौती
टीम इंडिया की कप्तानी संभालने के बाद श्रेयस अय्यर के लिए यह पहला मल्टी नेशन टूर्नामेंट है ऐसे में उनके लिए बतौर कप्तान खुद को साबित करने की भी एक बड़ी चुनौती है। टीम इंडिया इस एशियन गेम्स में अपनी पूरी ताकत के साथ खेलने पहुंची है, जिसमें अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी स्क्वाड का हिस्सा हैं।
भारत और श्रीलंका के बीच सेमीफाइनल मैच में दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारतीय टीम - वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह।
श्रीलंका टीम - लसिथ क्रूसपुले, सिनेथ जयवर्धने, सोहन डी लिवेरा (विकेटकीपर), अशेन बंडारा, सहान अराचिगे (कप्तान), नुवानिदु फर्नांडो, चमिका करुणारत्ने, वानुजा सहन, विजयकांत वियास्कंथ, थारिंडु रत्नायके, बिनुरा फर्नांडो।