1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. शिकायतकर्ता जीजा ही निकला शख्स का कातिल, बुनी ऐसी साजिश कि सब रह गए सन्न

शिकायतकर्ता जीजा ही निकला शख्स का कातिल, बुनी ऐसी साजिश कि सब रह गए सन्न

झारखंड के गिरिडीह जिले से हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक महीने से लापता एक शख्स का कंकाल बरामद हुआ है। पुलिस ने इस मामले में शिकायतकर्ता को ही गिरफ्तार किया है।

Jharkhand Giridih Murder- India TV Hindi
Image Source : REPORTER गिरिडीह में सनसनीखेज हत्याकांड।

गिरिडीह से लापता युवक शंकर कुमार सिंह उर्फ बिंदु सिंह का कंकाल एक माह बाद धनबाद के टुंडी थाना क्षेत्र के बसहा जंगल से बरामद हुआ।पुलिस जांच में पता चला कि शंकर की हत्या उसी के जीजा चंदन कुमार भोक्ता ने की थी, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। 1 जुलाई को शंकर के पिता हृदय नारायण सिंह ने गिरिडीह के पीरटांड़ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी और धनबाद के सोनिया नामक महिला जो यूपी के प्रयागराज की रहने वाली है और धनबाद मे अपने पति और तीन बच्चों को छोड़ रहती थी व अन्य पर अपहरण का शक जताया था।

टेक्निकल साक्ष्य और कबूलनामा

केस की गंभीरता देख एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ आबिद खान के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) बनाई गई। जांच में मिले टेक्निकल (मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स) और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर सोनिया से कड़ी पूछताछ की गई जिसमे उसने कबुला की पहले वह चंदन से प्रेम करती थी और चंदन ने ही अपने साले शंकर से उसे मिलवाया था। इसके बाद देवघर के सीरसा गांव से चंदन को हिरासत में लिया गया, जिसने पूछताछ में पूरा राज खोल दिया।

प्रेम, जिद और पारिवारिक तनाव

चंदन ने माना कि सोनिया पहले से विवाहित और तीन बच्चों की मां है, जो अपने पति से अलग हो धनबाद मे रह रही थी, और चंदन और सोनिया के बीच प्रेम संबंध था। शंकर लगातार सोनिया से शादी करने की जिद पर अड़ा था और दबाव न मानने पर उसके भेद खोलने की धमकी दे रहा था, जिससे चंदन अंदर ही अंदर खौल रहा था। चंदन ने योजना बनाकर शंकर को मोटरसाइकिल से सोनिया से मिलवाने के लिए गिरिडीह से धनबाद के लिए निकला और रास्ते मे टुंडी के बसहा जंगल मे सुनसान जगह देखकर उसने पहले पत्थर से शंकर के सिर पर वार किया और फिर गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

Image Source : Reporterशव को तलाशती पुलिस।

सबूतों के साथ कंकाल बरामद

हत्या के बाद चंदन जंगल में ही शव छोड़कर भाग गया, जो एक माह बाद कंकाल के रूप में मिला।पुलिस ने मौके से नारंगी रंग का गमछा, शर्ट-जींस, अंतर्वस्त्र, एक जोड़ी चप्पल, मोबाइल फोन और चाकू सहित कई सामान जब्त किए हैं। बरामद कंकाल और अन्य बरामद सामग्रियों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है ताकि समय, तरीके और संपूर्ण घटना-क्रम की वैज्ञानिक पुष्टि हो सके।SIT और फोरेंसिक टीम मिलकर केस के हर पहलू—हत्या के समय, मौके, हथियार और संभावित सह-आरोपियों को खंगाल रही है।

कानूनी कार्रवाई की तैयारी

चंदन के खिलाफ मारपीट, हत्या और सबूत/लाश को छिपाने जैसे गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की पूछताछ और रिपोर्ट्स के आधार पर चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है। शंकर के परिजन गहरे सदमे में हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं, साथ ही शव की शिनाख्त और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में प्रशासनिक सहयोग ले रहे हैं।स्थानीय लोग भी हैरान हैं कि जिस जीजा ने शिकायत दर्ज करवाई, वही हत्यारा निकला।

SDPO की अपील और मानवीय सवाल

एसडीपीओ आबिद खान ने लोगों से अपील की है कि घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें ताकि आरोपियों को कड़ी सजा दिलाई जा सके। तीन बच्चों की मां सोनिया की पारिवारिक परिस्थिति, शंकर की शादी की जिद और रिश्तों में पनपी कड़वाहट ने कैसे एक जिंदगी छीन ली। यह पहलू समाज के लिए भी सोचने का विषय बन गया है। (रिपोर्ट: कुंदन सिंह)

ये भी पढ़ें- ‘मेरी मां मुझे समझती नहीं’, युवक ने सुसाइड से पहले इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया वीडियो

नाबालिग लड़के से किया था दुष्कर्म, अब कोर्ट ने आरोपी रिश्तेदार को सुनाई 40 साल कैद की सजा

Latest Crime News