A
  1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. घर में ही 25 साल की विवाहित बेटी का खून, पिता फरार; कल्याण में सनसनी

घर में ही 25 साल की विवाहित बेटी का खून, पिता फरार; कल्याण में सनसनी

कल्याण में हुए रिश्तों के खूनी खेल के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल है। लोगों को विश्वास नहीं हो रहा कि एक पिता पर अपनी ही बेटी की हत्या जैसा आरोप लग सकता है।

kalyan daughter murder- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतका की फाइल फोटो, आरोपी पिता।

मुंबई: कल्याण पश्चिम इलाके में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक पिता पर अपनी ही 25 वर्षीय विवाहित बेटी की हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में भय तथा आक्रोश का माहौल बन गया है। मृतका की पहचान गायत्री शिंदे के रूप में हुई है।

क्या है पूरा मामला?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद यह खौफनाक वारदात सामने आई। आरोप है कि पिता विनोद वसईकर ने अपनी विवाहित बेटी की हत्या कर दी और उसके बाद मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही बाजार पेठ पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर और आसपास के क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

बेटी मर गई, पिता गायब

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। साथ ही पुलिस आसपास के लोगों, रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। घर के अंदर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

इलाके में डर और तनाव का माहौल

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि घटना के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल है। लोगों को विश्वास नहीं हो रहा कि एक पिता पर अपनी ही बेटी की हत्या जैसा आरोप लग सकता है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद, घरेलू तनाव या अन्य किसी कारण की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

(रिपोर्ट- सुनील शर्मा)

यह भी पढ़ें-

गुरुग्राम में शादी के 3 महीने बाद पत्नी का मर्डर, गर्लफ्रेंड के बाथरूम में लाश छिपाकर दोनों फरार

लखनऊ में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत: विदाई पर पिता ने पकड़े थे दूल्हे के पैर, 6 महीने बाद बेटी फंदे से लटकी मिली

Latest Crime News