A
  1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. कानपुर में युवक की धारदार हथियार से काटकर हत्या, पेड़ पर टांगा खून से लथपथ शव, 28 अप्रैल थी शादी

कानपुर में युवक की धारदार हथियार से काटकर हत्या, पेड़ पर टांगा खून से लथपथ शव, 28 अप्रैल थी शादी

19 वर्षीय राजा बाबू वर्मा की हाल ही में पास के गांव की युवती के साथ शादी तय हुई थी। 28 अप्रैल को घर से बारात जानी थी। लेकिन शादी से कुछ दिन पहले ही उसकी हत्या से घर में खुशियां आने से पहले गम के बादल छा गए।

kanpur youth murder- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतक की फाइल फोटो।

कानपुर देहात: शिवली थाना क्षेत्र के मकरंदपुर बन्था गांव के पास गुरुवार रात गेहूं के खेत में एक युवक का रक्तरंजित शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पास में चाबी लगी बाइक खड़ी मिली। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान कानपुर नगर के सचेंडी थाना क्षेत्र स्थित झखरा गांव निवासी 19 वर्षीय राजा बाबू वर्मा पुत्र रामलखन वर्मा के रूप में हुई है। वह घरों में पुट्टी और पीओपी का काम करता था।

दादी को बुआ के घर छोड़ने गया था, वापस नहीं लौटा

परिजनों के अनुसार, राजा बाबू गुरुवार शाम अपनी दादी को बुआ के घर शिवली क्षेत्र के भउआपुरवा गांव छोड़ने गया था। वापस लौटते समय रामगंगा नहर पटरी मार्ग के पास संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी हत्या कर दी गई। उसके चेहरे, सिर व सीने में धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। पास में ही सड़क किनारे उसकी बाइक खड़ी थी। हैंडल में हेलमेट टंगा था। ग्रामीणों ने खेत में खून से लथपथ शव देखा तो हड़कंप मच गया।

शादी होने से कुछ दिन पहले हो गई हत्या 

देर रात मिली मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता ने बताया कि बेटे राजा बाबू की शादी अकबरपुर थाना क्षेत्र के दस्तमपुर निवासी युवती के साथ तय हुई थी। 28 अप्रैल को बेटे की घर से बारात जानी थी। लेकिन शादी से कुछ दिन पहले ही बेटे की हत्या से घर में खुशियां आने से पहले गम के बादल छा गए। 

पुलिस कार्रवाई

सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पांडेय, क्षेत्राधिकारी रसूलाबाद व शिवली कोतवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान मृतक का मोबाइल फोन गायब मिला, जिससे घटना को संदिग्ध माना जा रहा है। मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही खुलासे का दावा किया गया है।

(रिपोर्ट- ज्ञानेंद्र शुक्ला)

यह भी पढ़ें-

डिवोर्स के बाद पति की हैवानियत, एक्स वाइफ को बाइक में फंसाकर घसीटा, चीखें सुनकर दौड़े लोग

घर के बाहर टहल रहे युवक को कार ने उड़ाया, हवा में उछलकर दूर जा गिरा, मौके पर मौत; VIDEO

Latest Crime News