1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. सावधान! शादी का निमंत्रण देने के बहाने घर में घुसकर लूट, बुर्जुग महिला के हाथ पैर बांधकर सोने के गहने लूटे

सावधान! शादी का निमंत्रण देने के बहाने घर में घुसकर लूट, बुर्जुग महिला के हाथ पैर बांधकर सोने के गहने लूटे

बेंगलुरु के बाहरी इलाके में अज्ञात बदमाश शादी का निमंत्रण देने के नाम पर घर में घुसे और बुजुर्ग महिला के हाथ पैर बांधकर 10 लाख रुपये का सोना ले उड़े। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

bengaluru robbery loot case- India TV Hindi
Image Source : PTI सांकेतिक फोटो।

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के पास लूट की बड़ी हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां अज्ञात बदमाश शादी का निमंत्रण देने के नाम पर घर में घुस गए और महिला के हाथ-पैर बांधकर घर से सोने के गहने लूट ले गए। ये पूरी घटना बुधवारको दोपहर करीब 2.30 बजे घटी है। अज्ञात बदमाशों द्वारा नेरलूर निवासी रविकुमार और नागवेनी के घर में घुसकर 200 ग्राम सोने के गहने को लूट लिया गया है।

कैसे हुई लूट?

पीड़ित नागवेनी ने इस संबंध में अत्तिबेले थाने में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रविकुमार एक निजी कंपनी में कर्मचारी है और बदमाशों ने जब देखा कि नागवेनी घर पर अकेली है, तो उसे लूटने की योजना बनाई, नागवेनी ने जब दरवाजा खोला तो आरोपियों में से एक महिला ने उसे नागवेणी का दूर का रिश्तेदार बताया और कहा कि वो शादी का इनविटेशन देने आयी है। इसी दौरान एक महिला ने पीने के लिए पानी मांगा। नागवेनी जब रसोई में गई, तो दो में से एक आदमी रसोई में घुस आया और नागवेनी के हाथ-पैर बांध दिए और चाकू दिखाकर धमकाया और उससे अलमारी में रखे लॉकर की चाबी छीन ली। बदमाशों ने वहां से 200 ग्राम सोने के गहने लूट लिए और फरार हो गए।

दरवाजा बंद कर के भाग गए बदमाश

लूटपाट के बाद, बदमाशों ने नागवेनी को एक कमरे में बंद कर दिया और दरवाजा बंद कर दिया और भाग गए। कुछ देर बाद, नागवेनी ने पास में पड़े मोबाइल को किसी तरह उठाया और पड़ोसियों को फोन करके घटना की सूचना दी। पड़ोसियों ने तुरंत दरवाज़ा खोला और नागवेनी के हाथों में बंधी रस्सी खोली। फिर उन्होंने पुलिस को फोन करके सूचना दी।

पुलिस ने अब तक क्या कार्रवाई की?

घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एएसपी वेंकटेश प्रसन्ना, डीएसपी मोहन कुमार और इंस्पेक्टर मंजूनाथ ने घर का मुआयना किया और डॉग स्क्वॉड व फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट से जानकारी जुटाई। घर के पास स्कूल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में तीनों के चेहरे भी देखे गए। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Latest Crime News